एक दिन पहले नगरनार पुलिस ने ओड़िशा निवासी एक आरोपित के कब्जे से मिली करीब चार लाख रूपये की चांदी धमतरी जिले के नगरी स्थित जैन मंदिर से चोरी की गई थी। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद दानदाताओं की सूची से मिलान करने पर यह उजागर हुआ। मंगलवार को समाज के पदाधिकारियों ने एसएसपी जितेंद्र सिंह मीणा से मुलाकात कर आभार ज्ञापित किया।
ज्ञात हो कि नगरनार पुलिस ने एक दिन पहले ओड़िशा निवासी आरोपित के कब्जे से चार लाख कीमत के चांदी के जेवरात बरामद किए थे। ओसवाल जैन श्वेतांबर समाज के अध्यक्ष मनोहर लूनिया ने बताया कि नगरी जैन मंदिर की ओर से अनिल मालू द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विगत दिनों नगरी जैन मंदिर में हुई चोरी किए गए चांदी के मुकुट और अन्य सभी सामग्री बस्तर पुलिस ने बरामद किए हैं। घटना की लिखित रिपोर्ट नगरी थाना में दर्ज कराई गई थी।
इस संबंध में जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से मुलाकात कर समाज की ओर से बस्तर पुलिस के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। समाज ने पुलिस विभाग द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान की सराहना की। एसएसपी मीणा ने चोरी के उक्त सामान को वापस करवाने की प्रकिया सुनिश्चित करने की बात कही है।
विधिवत कार्यवाही की जाएगी
पुलिस की ओर से इस बारे में नगरी के एसडीओपी और थाना प्रभारी से भी बात की गई है। जल्द ही इस संबंध में न्यायालय के माध्यम से विधिवत कार्यवाही की जाएगी। जैन समाज के प्रतिनिधि मंडल में मूर्तिपूजक ट्रस्ट के अध्यक्ष किशोर पारेख,जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष रमेश जैन,समाज के कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुमेरमल ढेलडिय़ा, महासचिव देवीचंद संचेती और कोषाध्यक्ष गणेश लुंकड़ शामिल थे।
