छत्तीसगढ़ में बीते माह हुए बिरगांव नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद से ही लोगों की निगाहें यहां मंगलवार को होने वाले महापौर चुनाव पर टिकी थी। नवनिर्वाचित पार्षदाें के शपथ ग्रहण के बाद महापौर के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। निगम के बाहर कांग्रेस और भाजपा के समर्थक काफी संख्या में उपस्थित हैं। वहीं भाजपा को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ समर्थन दे रही है। बता दें कि बिरगांव चुनाव में कांग्रेस के 19 प्रत्याशियों, भाजपा के 10, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के 5 और निर्दलीय 6 प्रत्याशियाें ने जीत हासिल की थी।
मंगलवार को इन 40 पार्षदों को बिरगांव के सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ कुमार ने शपथ दिलाई। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी यू एस अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त श्रीकांत वर्मा भी उपस्थित रहे। वहीं शपथ ग्रहण के बाद कांग्रेस से नंदलाल देवांगन और भाजपा से पतिराम साहू ने महापौर के लिए पर्चा भरा है।
