मकान बनाने के लिए भवन अनुज्ञा की प्रक्रिया का सरलीकरण करने छत्तीसगढ शासन नगरीय प्रशासन व विकास विभाग डायरेक्ट भवन अनुज्ञा सिस्टम शुरू कर रही है। सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसकी शुरुआत करेंगे। भवन अनुज्ञा सिस्टम के संबंध में नगर निगम आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि मकान बनाने के लिए नगर निगमों द्वारा भवन अनुज्ञा जारी की जाती है। भवन अनुज्ञा जारी करने की प्रक्रिया में समय लगता था।
इस प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए नगर पालिक निगम क्षेत्रों में 500 वर्ग मीटर के आवासीय भवनों के लिए मानव हस्तक्षेप रहित डायरेक्ट भवन अनुज्ञा सिस्टम नगरीय प्रशासन व विकास विभाग द्वारा प्रारंभ किया जा रहा है। सोमवार को दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा नगरीय प्रशासन व विकास मंत्री डा. शिव कुमार डहरिया की उपस्थिति में वर्चुवल शुरुआत की जाएगी। इसके शुरू हो जाने से लोगों को भवन अनुज्ञा आनलाइन माध्यम से कम समय में प्राप्त हो जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री बघेल जिले के गंडई तहसील प्रवास पर रहेंगे। दोपहर करीब डेढ़ बजे बेमेतरा जिले के बेरला तहसील से हेलकाप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर जिले के गंडई तहसील पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर एक बजकर 50 मिनट से दोपहार दो बजकर 50 मिनट तक यानी करीब एक घंटे तक गंडई में हाई स्कूल के पास आयोजित राष्ट्र माता सावित्री बाई फुले जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर दो बजककर 50 मिनट से दोपहर तीन बजकर 20 मिनट तक का समय आरक्षित है। मुख्यमंत्री बघेल दोपहर तीन बजकर 20 मिनट में गंडई से हेलीकाप्टर द्वारा रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
