रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना स्थित बाल सुधार गृह में एक युवक से अप्राकृतिक कृत्य का मामला सामने आया है. शिकायत के मुताबिक 5 युवकों ने एक अन्य युवक से अप्राकृतिक कृत्य किया है. पीड़ित युवक, जब किशोर था तब उसे रेप के आरोप में डेढ़ साल पहले सुधार गृह में लाया गया था, तब से उसे यहीं रखा गया है. माना स्थित सुधार गृह में सभी युवक लगभग डेढ़ साल से मारपीट सहित अन्य मामलों में बंद हैं. बाल सुधार गृह प्रबंधन ने मामले में पुलिस से लिखित शिकायत की है.
शिकायत के मुताबिक आरोपी युवकों द्वारा इस सुधार गृह में ही बंद एक अन्य युवक जो बलात्कार के आरोप में यहां लाया गया था, उसके साथ लगातार अभद्रता कर रहे थे. उसके कपड़े निकलवाकर उसके साथ बदतमीजी करते थे. इन युवकों ने उस लड़के के साथ सामूहिक रूप से अप्राकृतिक कृत्य किया है और किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी. बाल सुधार गृह प्रबंधन ने इस घटना की जानकारी माना थाने में दर्ज कराई है.
गौरतलब है कि बाल सुधार गृह में आपस में लड़ाई और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं. लेकिन इस तरह अप्राकृतिक कृत्य की घटना सामने आने से प्रबंधन भी सकते में है. माना पुलिस थाना प्रभारी दुर्गेश रावटे का कहना है कि पांच युवकों के द्वारा एक युवक से अप्राकृतिक कृत्य किया गया है. सभी आरोपी अब बालिग हैं. पीड़ित युवक भी बालिग है. मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है और जांच की जा रही है. आरोपियों के खिलाफ धारा 377 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है. दूसरे मामलों में जब पीड़ित और आरोपियों को बाल सुधार गृह लाया गया था, तब वे किशोर थे.
