मोहला के चार विद्यार्थी जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता के लिये चयनित
छात्र-छात्राओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता एवं रूचि बढ़ाने और उनके ज्ञान के स्तर को परखने के लिए विकासखंड स्तरीय विज्ञान क्विज का आयोजन जिले भर में किया जा रहा है। इसी कड़ी में मोहला में विकास खंड स्तरीय क्विज का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में हाईस्कूल स्तर पर 26 तथा हायर सेकेंडरी स्तर पर 14 स्कूल के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। क्विज का आयोजन कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल मोहला में नोडल प्राचार्य वीपी प्रजापति के दिशा निर्देशन में हुआ। विकास खंड शिक्षा अधिकारी मोहला राजेंद्र कुमार देवांगन ने बताया कि इस क्विज में हाईस्कूल स्तर पर गुलशन मार्गे आलकन्हार प्रथम तथा समीर कुमार डूमरटोला द्वितीय रहा। इसी प्रकार हायर सेकेंडरी स्तर पर वीरेंद्र सिंह रेंगाकठेरा प्रथम तथा सुमित सिंह मोहला द्वितीय रहा। अब जिला स्तर पर यह चारों चयनित विद्यार्थी क्विज में भाग लेंगे। क्विज आयोजन में अलका हिरवानी, केके वर्मा, जयंती टंडन, अजिताभ वर्मा, मलेश मालेकर का विशेष सहयोग रहा। चयनित बच्चो को जिला शिक्षा अधिकारी एच.आर.सोम, आरएमएसए परियोजना समन्वयक एसके पांडे, जिला मिशन समन्वयक श्रीमती रश्मि सिंह एवं एपीसी सतीश ब्यौहरे ने बधाई दी है।
