हिमाचल प्रदेश सरकार के चार साल पूरा होने पर 27 दिसंबर को मंडी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को औपचारिक निमंत्रण दिया। पीएम से मुलाकात के बाद सीएम जयराम शिमला लौट आए हैं। राज्य सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत ने सीएम जयराम ने कहा कि मंडी होने से वाले सरकार के चार साल पूरा होने के कार्यक्रम के लिए वे पीएम मोदी को औपचारिक निमंत्रण देने दिल्ली गए थे। इस दौरान पीएम से प्रदेश के कई अन्य मामलों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी दो घंटों के लिए मंडी में मौजूद रहेंगे।
सीएम ने कहा कि पीएम मोदी 27 दिसंबर को लगभग 11 हजार करोड़ के विकास कार्यों के शिलान्यास-उद्घाटन करेंगे। इनमें 6700 करोड़ की रेणुका बांध परियोजना, 66 मेगावाट के धौलासिद्ध और 210 मेगावाट के लूहरी स्टेज-1 बिजली परियोजना का नींव पत्थर रखेंगे। इसके अलावा सावड़ा-कुड्डू जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन करेंगे। सीएम ने कहा कि हिमाचल के लिए ये सभी प्रोजेक्ट महत्वपूर्ण है और इससे विकास को गति मिलेगी। इन्वेस्टर्स मीट की दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी तहत निवेश के प्रस्तावों को भी हरीझंडी दी जाएगी।
