राजधानी में कोरोना के नए मामलों में बीते 24 घंटों में उछाल आया है। रविवार को छह महीने बाद सौ से अधिक मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राजधानी में बीते 24 घंटे में 107 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे पहले शनिवार को 86 मामले मिले थे। इससे पहले इस वर्ष 27 जून को 259 नए मामलों की पुष्टि हुई थी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अब तक दर्ज किए गए कोविड मामलों की संख्या 14,42,197 तक पहुंच गई है। वहीं 14.16 लाख से अधिक मरीज बीमारी से उबर चुके हैं। दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 25,101 है।
ओमिक्रॉन वेरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच डीडीएमए की बैठक
आमिक्रॉन वायरस की रोक-थाम के लिए सोमवार को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक होगी। बैठक में दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन समेत दिल्ली सरकार के कई सरकारी महकमें के अधिकारी गहन मंथन करेंगे और तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
डीडीएमए की एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि कोविड-19 के ओमिक्रॉन वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की सोमवार को सुबह 11:30 बजे ऑनल लाइन समीक्षा बैठक होगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होने वाली बैठक की अध्यक्षता उप-राज्यपाल अनिल बैजल करेंगे।
बैठक में दिल्ली में ओमाइक्रोन के बढ़ते मामलों को लेकर चर्चा होगी और अधिसूचना के अनुसार बैठक में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल, दिल्ली के मुख्य सचिव विजय देव और दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग के तमाम अहम अधिकारी मौजूद रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन नये वायरस को लेकर सरकार की तरफ से की गई तैयारियों पर प्रजेंटेशन देंगे।
