श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा मतांतरण के विरुद्र आयोजित बाइक रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने कहा कि जन जागरण का यह अभियान न केवल भिलाई-दुर्ग और प्रदेश बल्कि पूरे देश में मतांतरण के विरूद्घ लोगों को एकजुटता का संदेश देगा। जिस प्रकार से प्रदेश में कुचक्र कर बड़ी संख्या में मतांतरण किया जा रहा है, हिन्दू समाज अब इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। कवर्धा की घटना तुष्टिकरण का बड़ा उदाहरण है, लेकिन इन लोगों को यह जान लेना चाहिए कि भगवा को कुचलने का प्रयास किया जाएगा तो हिन्दू एकजुट होकर इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।
श्रीराम जन्मोत्सव समिति की बाइक रैली में पांच हजार से अधिक लोगों ने शामिल होकर पूरे प्रदेश एवं देश में एकता का नया संदेश दिया है। भिलाई-दुर्ग के विभिन्ना क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए निकली। इस रैली का स्वागत प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने करते हुए समिति के अभियान की सराहना करते हुए सभी रामभक्तों की हौसला आफजाई की।
वहीं दुर्ग गुरू सिंह सभा गुरूद्वारा कमेटी ने भी रैली का भव्य स्वागत किया। रैली का नेतृत्व कर रहे समिति के युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने इस अभियान को समर्थन देने वाले विभिन्ना सामाजिक संगठनों, समिति के कार्यकर्ताओं और हजारों आमजनों का आभार व्यक्त करते हुए मतांतरण के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के अभियान का संकल्प लिया। रैली की शुरूआत लाल मैदान पावर हाउस से की गई। रैली नंदिनी रोड होते हुए छावनी चौक, स्व. बीरा सिंह चौक, केनाल रोड होते हुए टाउनशिप पहुंची । जहां सेंट्रल एवेन्यू से वायशेप ब्रिज होते हुए दुर्ग मालवीय नगर, डा. राजेंद्र प्रसाद चौक, कचहरी चौक होते हुए शिव मंदिर शिवनाथ नदी में समाप्त हुई।
धर्मजागरण के अभियान को जन- जन तक पहुंचाने का आह्वान
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने धर्म जागण के इस अभियान को जन- जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस प्रकार से बड़ी संख्या में प्रलोभन देकर लोगों का मतांतरण किया जा रहा है, निश्चित ही उसके खिलाफ सर्वसमाज को एकजुट होकर अब मुंहतोड़ जवाब देना जरूरी है। समिति के युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने इस दौरान धर्म जागरण के अभियान में सहभागिता देने वाले सभी सामाजिक संगठनों, रामभक्तों और आमजनों का अभिनंदन करते हुए कहा कि आज हम सबकी एकजुटता ने पूरे प्रदेश के कोने- कोने तक यह संदेश पहुंचा दिया है कि अगर भगवा और हिन्दू पर बात आएगी तो कोई भी हिन्दू शांत नहीं बैठेगा।
श्रीराम जन्मोत्सव समिति ने की मंदिर में पूजा
बाईक रैली का समापन शिवनाथ नदी किनारे स्थित शिव मंदिर में किया गया। जहां समिति के संरक्षक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय उपस्थित थे। इस दौरान समिति के युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने इस जन जागरण अभियान को निरंतर जारी रखने और लोगों को धर्मांतरण के विरूद्घ जागरूक करने का संकल्प लिया।
