विकास परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह व महारैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जबरदस्त जुगलबंदी देखने को मिली है। दोनों नेताओं ने एक दूसरे की शान में कसीदे पढ़े, फिर आगामी विधानसभा चुनाव का एजेंडा भी तय कर दिया। साफ संदेश दिया कि भाजपा विकास के मुद्दे पर ही चुनाव लड़ेगी। इसके केंद्र में किसान, युवा, महिला, गरीब, वंचित, शोषित और अति पिछड़ा रहेंगे। चुनाव की अगुवाई भी मोदी-योगी की जोड़ी ही करेगी।
खाद कारखाना, एम्स व आरएमआरसी की नौ प्रयोगशालाओं के लोकार्पण के साथ ही महारैली कराके भाजपा ने जातीय-सामाजिक समीकरण भी दुरुस्त कर लिया है। गोरखपुर-बस्ती मंडल की ज्यादातर विधानसभा सीटों पर निषाद मतदाताओं की संख्या अच्छी है। गोरखपुर के नौ विधानसभा क्षेत्रों में ही पांच लाख से ज्यादा निषाद मतदाता हैं। इसी का नतीजा रहा कि मंच से निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद को बोलने का मौका दिया गया। संतकबीरनगर से भाजपा सांसद प्रवीण निषाद, योगी सरकार के मंत्री जयप्रकाश निषाद और राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद ने भी महारैली को संबोधित किया। इन नेताओं की निषाद मतदाताओं में अच्छी पैठ है। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल की भी अति पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं में अच्छी पैठ मानी जाती है। वे भी मंच पर पहली कतार में थीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर पहली बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के नेता भी आए। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में अनुप्रिया का नाम भी लिया और बहन कहकर संबोधित किया। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद भी मंच पर विराजमान थे। डॉ संजय ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है। साथ ही निषाद मतदाताओं को आश्वस्त किया कि उनके हक की लड़ाई जारी रहेगी। आरक्षण का वादा भाजपा सरकार जरूर पूरा करेगी।
बदले दिखे मोदी के तेवर, डॉ संजय का हाल पूछा
आगामी विधानसभा चुनाव नजदीक है। लिहाजा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तेवर बदले दिखे। महारैली के बाद प्रधानमंत्री एक-एक सांसद व विधायक से मिले हैं। डुमरियागंज से भाजपा सांसद जगदंबिका पाल की पीठ थपथपाई। इस बीच निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद के पास गए और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉ संजय की तबीयत खराब है। एम्स में इलाज चल रहा है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अभिभावक की तरह हालचाल पूछा है। मौका मिला तो प्रधानमंत्री से निषादों को अनुसूचित जाति का आरक्षण देने की बात भी कर ली है। प्रधानमंत्री ने सकारात्मक फैसले का भरोसा दिलाया है।
प्यार व आशीर्वाद देता है काम करने की प्रेरणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महारैली में आई भीड़ देख गदगद हो गए। मंच पर पहुंचते ही भीड़ का अभिवादन किया, फिर भोजपुरी में संवाद करके खुद को पूर्वांचल की जनता से जोड़ लिया। भोजपुरी में संवाद हुआ तो रैली में आई भीड़ उत्साहित दिखी। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मंच पर आया तो हैरान रह गया। देखा तो दूर-दूर तक भीड़ है। पीछे के लोग दिख भी नहीं रहे हैं। भाजपा के झंडे हिला रहे हैं। मेरी आवाज पहुंच रही है या नहीं, इस पर भी संशय है। आपका यही प्यार और आशीर्वाद आपके लिए दिन रात काम करने की प्रेरणा देता है। गोरखपुर को धर्म, अध्यात्म व क्रांति की नगरी बताकर लोगों का दिन जीतने का प्रयास भी किया है।
प्रधानमंत्री ने डबल इंजन की सरकार का महत्व भी बताया। खचाखच भरे मैदान में कहा कि केंद्र व राज्य की सरकार पूरी ताकत से काम कर रही है। इसी का नतीजा रहा कि कोरोना जैसी आपदा में भी अवरोध नहीं आया। विकास कार्य जारी रहे। खाद कारखाना, एम्स और आरएमआरसी के नौ प्रयोगशालाओं का लोकार्पण इसका ताजा उदाहरण है। संदेश दिया कि यूपी में डबल इंजन की सरकार ही राहत दे सकती है। वही, आम आदमी का दुख-दर्द समझ सकती है।
तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों से सीधा संवाद किया। 34 मिनट के संबोधन में कई बार किसानों का जिक्र किया। गन्ना किसानों के लिए योगी सरकार के प्रयास को बताया और कहा कि साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में सरकार ने खजाना खोल दिया। गन्ना मूल्य का भुगतान किया। प्रधानमंत्री संबोधन के बीच-बीच में सपा व बसपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल की नाकामी भी गिनाना नहीं भूले। प्रधानमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों के लिए जितना काम साढ़े चार वर्षों में हुआ है, उतना पहले नहीं हुआ।
प्रधानमंत्री ने मंच से महिला व युवाओं की बात भी की है। बार-बार कहा कि विकास से ही रोजगार बढ़ेगा। खाद कारखाने और एम्स से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार बढ़ेगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा युवाओं को मिलेगा। प्रधानमंत्री ने महिलाओं की सहूलियत की बात की और कहा कि महिलाओं का सम्मान, समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। यूपी की महिलाएं अब सुरक्षित हैं। यूपी में कानून का राज है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर मंडल में दूसरी बार आए हैं। इससे पहले 20 अक्तूबर को कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था। अब खाद कारखाना मैदान, गोरखपुर में आकर विकास की सौगात दी है। एक और खास बात है कि प्रधानमंत्री ने तीसरी बार खाद कारखाना मैदान में रैली की है। इससे पहले 2016 और 2019 में रैली कर चुके हैं।
