कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान किसानों के मारे जाने के मुद्दे पर आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार को निशाने पर लिया। राहुल ने कहा कि मोदी सरकार किसानों की मौत पर असंवेदनशील है। राहुल ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कांग्रेस के पास जान गंवाने वाले 503 किसानों की सूची है, जबकि सरकार ने कहा है कि उसके पास ऐसा कोई आंकड़ा नहीं है। सरकार चाहे तो हमसे आंकड़ा ले सकती है और ऐसे परिवारों की मदद कर सकती है।
राहुल ने पूछा, प्रधानमंत्री ने किससे मांगी है माफी
राहुल ने कहा, कृषि कानूनों पर प्रधानमंत्री ने अपनी गलती मानी है और माफी भी मांगी है। लेकिन सरकार कह रही है कि उसके पास किसानों की मौत का आंकड़ा नहीं है। तो फिर पीएम ने माफी किससे मांगी है। प्रदर्शन में करीब 700 किसानों की मौत हुई है। पंजाब सरकार के पास इसकी सूची है। पंजाब सरकार ने 403 किसानों को मुआवजा दिया है। केंद्र सरकार पंजाब सरकार से मदद ले सकती है।
राहुल ने कहा, सरकार के लिए मुआवजा राशि कोई बड़ी रकम नहीं है। ये बिल्कुल कोरोना की तरह का मामला है जिसमें कई लोगों ने जान गंवाई। सरकार को किसानों के परिवारों को मुआवजा देना चाहिए। सरकार ने लोगों की जीविका का साधन छीना है।
