० तीन माह के अंदर धोखाधड़ी का तीसरा मामला
कोरबा 1 दिसम्बर। करोड़ों रुपयों के घपले और धोखाधड़ी के आरोपित कथित भाजपा नेता देवेंद्र पांडेय के खिलाफ सिटी कोतवाली एक और 420 का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में देवेंद्र की पत्नी कल्पना व साला आशीष शुक्ला भी आरोपित है।
कोतवाली पुलिस में प्रभातीलाल पटेल पिता धनउराम पटेल निवासी दादरखुर्द ने शिकायत की। थी। इस मामले में जांच करते हुए पुलिस ने प्रेम लाल पटेल, भुनेश्वर लाल पटेल, इंद्राशन सिंह तथा तिरिथ लाल यादव सभी निवासी दादर खुर्द का बयान पंजीबद्ध किया। गवाहों तथा प्रार्थी का कथन अनुसार वर्ष 2005 में प्रभाती लाल के पिता धनउराम पटेल ने अपने पट्टे की जमीन खसरा नंबर 208.5 व 208.6 कुल रकबा 1.80 एकड़ में एक एकड़ भूमि को देवेंद्र पांडेय से 16 लाख रूपये में बेचने के लिए सौदा किया था। देवेंद्र ने उक्त जमीन को अपने साला आशीष शुक्ला के नाम से उप पंजीयक कार्यालय कोरबा में 12 सितंबर 2005 को रजिस्ट्री कराया और आठ लाख 80 हजार रूपये विक्रेता को दिया। शेष रकम को बाद में देने की बात कही। कुछ दिन बाद देवेंद्र ने अपनी पत्नी कल्पना पांडेय के नाम का सेल्फ चेक बिलासपुर रायपुर क्षेत्रीय ग्रामीण बैक शाखा कोरबा का चार लाख रूपये का विक्रेता को दिया, पर सेल्फ चेक का भुगतान नही हो सका। प्रार्थी द्वारा कई बार देवेंद्र से शेष रकम सात लाख 20 हजार रूपये मांगा गया, पर वह टाल मटोल करता रहा। इस तरह देवेंद्र ने अपने साला आशीष शुक्ला के नाम से 16 लाख रूपये का जमीन रजिस्ट्री, नामांतरण कराकर धोखाधडी कर सात लाख 20 हजार रूपये नहीं दिया। शिकायत जांच पर तथ्यों को पुष्ट पाए जाने पर पुलिस ने देवेंद्र पांडेय, आशीष शुक्ला व कल्पना पांडेय के विरूद्ध धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
देवेंद्र पांडेय के खिलाफ धोखाधड़ी का यह तीसरा मामला पुलिस ने दर्ज किया है। पिछले तीन माह के अंदर कुल चार मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें एक मामला ननकीराम कंवर के पुत्र संदीप कंवर के साथ मारपीट का मामला भी शामिल है। सृष्टि मेडिकल इंस्टीट्यूट को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद से पांडेय परिवार मुसीबत में घिर गई है, जो कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
