ठेके में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को मूलभूत सुविधाएं एवं कलेक्टर दर पर भुगतान होना चाहिए : राजेन्द्र सोनीराजनांदगांव। नगर पालिक निगम राजनांदगांव में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को कोविड-19 की महामारी के दौरान भी किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं प्राप्त नहीं हुई है, जिसके कारण कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के सदस्यों को हर समय संक्रमण का खतरा बना हुआ है। सफाई कर्मचारियों को सैनिटाइजर मॉस्क ग्लब्स एवं अन्य सामग्रियां उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। लगातार मांग किए जाने पर भी ठेकेदारों द्वारा आवश्यक सामग्री का वितरण नहीं किए जाने से सफाई कर्मचारियों में रोष व्याप्त हो गया है। उत्कल घसिया समाज के अध्यक्ष राजेन्द्र सोनी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को मनमाने ढंग से कार्य का भुगतान किया जा रहा है, जबकि उन्हें कलेक्टर दर से भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया गया था। इस प्रकार नियमित सफाई कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। सोनी ने निगम आयुक्त से मांग की है कि नगर पालिक निगम राजनांदगांव में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ठेके में कार्यरत को मूलभूत सुविधाएं एवं कलेक्टर दर पर भुगतान किया जाये।
