छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लाक के बोरतलाव थाना क्षेत्र के बुढ़ानछापर जंगल में पुलिस और आइटीबीपी सहित फोर्स के जवानों ने नक्सल डंप बरामद किया है। इसमें पुलिस ने चार देसी कट्टा के साथ काफी मात्रा में नक्सलियों के दैनिक उपयोग के सामान जब्त किए हैं।नक्सलियों ने प्लास्टिक ड्रम में सामान को छुपाकर रखा था। इसकी सूचना के बाद बोरतलाव पुलिस के साथ आइटीबीपी, डीआरजी व सीएएफ की संयुक्त टीम ने बुढ़ानछापर से लगे जंगल में सर्च अभियान कर नक्सलियों का डंप बरामद किया।
बोरतलाव थाना प्रभारी अब्दुल समीर और आइटीबीपी के सहायक सेनानी अजय सिंह के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस बल सर्चिंग में ग्राम बुढ़ानछापर के पास जंगल पहाड़ी पर गई। जहां मुखबिर की सूचना के आधार पर खोजबीन की गई। तभी पुलिस की संयुक्त अीम ने एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम मिला। इसमें नक्सलियों ने हथियार के साथ मेडिसीन, नक्सल साहित्य, पांप्लेट, सोलर प्लेट, केबल और इलेक्ट्रिक वायर, स्वीच, बैटरी, पुराने कपड़ के साथ अन्य नक्सल उपयोगी सामान डंप कर रखा था।
थाना प्रभारी अब्दुल समीर ने बताया कि डंप में एक 12 बोर और तीन 315 बोर का देशी कट्टा मिला है। जिसका उपयोग नक्सली सुरक्षा बल को नुकसान पहुंचाने के लिए करते हैं। नक्सली डंप बरामद करने की सफलता पर दुर्ग रेंज आइजी ओपी पाल, आइटीबीपी डीआइजी ओपी यादव, पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण, आइटीबीपी 38 वाहिनी के कमांडेड श्रीपाल ने संयुक्त टीम की सराहना की है।
