भारतीय रेलवे मंगलवार से राजधानी दिल्ली से 15 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू कर रहा है। रेलवे ने कहा है कि विशेष ट्रेनों की अगले सात दिन के लिए 16.15 करोड़ रुपये मूल्य की 45,533 से अधिक टिकट बुक की गईं। भारतीय रेल ने कुछ चुनिंदा मार्गों पर यात्री ट्रेन सेवाएं शुरू करते हुए चलने वाली ट्रेनों के संबंध में नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसमें कम से कम डेढ़ घंटे पहले रेलवे स्टेशन पहुंचना शामिल है।
12 मई से यात्री ट्रेनों में सवार होने वालों को रेलवे पहले की तरह चादर, तौलिया, सामान्य भोजन, पेय आदि मुहैया नहीं कराएगा। फिलहाल यात्रियों को सिर्फ डिब्बाबंद भोजन और हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध कराया जाएगा।
भारतीय रेल का कहना है कि सभी यात्रियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा। ट्रेनों में सिर्फ वातानुकुलित श्रेणी के डिब्बे होंगे, किराया सामान्य राजधानी ट्रेन के अनुरूप होगा। भारतीय रेल ने अपने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी चादर, भोजन और पानी साथ लेकर आएं, क्योंकि यात्रा के दौरान रेलवे उन्हें सिर्फ डिब्बाबंद भोजन देगा, जिसके लिए उन्हें भुगतान करना होगा।
इसके अतिरिक्त भारतीय रेलवे ने मंगलवार से शुरू हो रही विशेष यात्री ट्रेनों में यात्रा के लिए ‘आरोग्य सेतु एप’ को फोन में डाउनलोड करना ‘अनिवार्य कर दिया है। सोमवार को रेलवे ने इस एप को फोन में रखने की सलाह दी थी, जो कि अनिवार्य नहीं था।
रेल मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा कि, ‘भारतीय रेलवे कुछ यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने जा रही है। यात्रा शुरू करने से पहले यात्रियों के लिए फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा।’ सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य मंत्रियों की बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक औपचारिक संदेश में इसे अनिवार्य बना दिया। जिन यात्रियों के फोन में यह एप नहीं होगा, उन्हें स्टेशन पहुंचने के बाद इसे डाउनलोड करने के लिए कहा जा सकता है।
हालांकि अभी इसको लेकर स्पष्टता नहीं है क्योंकि उच्चतम न्यायालय ने एक निर्देश में इसे अनिवार्य बनाने को गैरकानूनी बताया है।
