राजनांदगांव: पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव में 75 वें पुरूष नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र के दीक्षांत समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दुर्ग रेंज विवेकानंद सिन्हा ने बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य व विषय विशेषज्ञ शरद श्रीवास्तव को सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण और पुलिस अधीक्षक पीटीएस रहीम उल रहमान खान विशेष रूप से उपस्थित थे।
ज्ञात है कि शरद श्रीवास्तव द्वारा विगत कई वर्षों से पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव में विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण देते आ रहे हैं। विशेष रूप से किशोर न्याय अधिनियम 2015, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 (पॉक्सो), घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005 सहित सॉफ्ट स्किल विषय पर प्रशिक्षण दिया जाता रहा है। नव आरक्षकों को सॉफ्ट स्किल विषय अंतर्गत फेसीलिटेशन, कम्यूनिकेशन, टीम बिल्डिंग, कॉन्फ्लिक्ट रेजुलेशन और समय प्रबंधन सहित बाल अधिकार और संरक्षण विषय में पुलिस की भूमिका और फील्ड में आने वाली समस्याओं व उनके समाधान पर श्री श्रीवास्तव द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है। पुलिस विभाग के साथ साथ श्री श्रीवास्तव प्रदेशभर में महत्वपूर्ण विषयों पर विभिन्न विभागों और संस्थाओं के द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में विषय विशेषज्ञ के रूप में लगातार सक्रिय रूप से सहभागिता निभा रहे हैं। इस सम्मान हेतु शरद श्रीवास्तव ने पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।
