लखनऊ. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. प्रदेश के कई जिलों में सुबह और दोपहर को आई आंधी और बारिश ने बड़े पैमाने पर जनहानि की है. अभी तक की सूचना के मुताबिक बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत हो गयी है. ये आंकड़ा और भी बढ़ सकता है क्योंकि सूचनाएं लगातार आ ही रही है. बिजली गिरने से बलिया में 2 लोगों की मौत की खबर है. वहीं चित्रकूट में भी बिजली गिरने से 2 लोग काल के गाल में समा गए. यहां के मऊ थाना क्षेत्र के सुहेल गांव में 2 लोगों की मौत हो गयी. ये दोनों मवेशियों को लेकर खेत गए थे तभी बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गए.
वहीं फतेहपुर जिले के कल्याणपुर के गुनीर गांव में भी 1 व्यक्ति की मौत हो गयी. इधर, मिर्ज़ापुर और नोएडा में भी 1-1 व्यक्ति की मौत की खबर है. मिर्ज़ापुर के हलिया थाना क्षेत्र मेंबिजली गिरने से 1 व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं नोएडा में घर की दीवार गिरने से 7 साल की एक बच्ची मलबे में दबकर मर गयी. प्रदेश के राहत विभाग को अभी तक सिर्फ फतेहपुर और बलिया से मौत की ही सूचना मिल पाई है.
प्रदेश के कुल 18 जिले में सुबह से आंधी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. इनमें पश्चिमी यूपी और एनसीआर के जिलों के साथ साथ पूर्वी यूपी के भी कई जिले शामिल हैं. कई जिलों में तेज आंधी के बारिश की वजह से सड़क किनारे पेड़ों के गिरने की भी सूचना है. इसके अलावा जर्जर घरों के गिरने की भी खबरें हैं. राहत विभाग प्रदेशभर से आंकड़े जमा कर रहा है. लखनऊ स्थित मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि कमोबेश ऐसा ही मौसम अगले एक हफ्ते तक जारी रहेगा. यानी 15 मई तक प्रदेश में तापमान नहीं बढ़ेगा क्योंकि रूक-रूक कर बारिश और आंधी चलती रहेगी.
