नवरात्रि पर 18 महीने के बाद नीचे मंदिर से मनोकामना ज्योति कलशों की शोभायात्रा गुरुवार की देर रात निकाली गई। क्वांर नवरात्रि पर्व का समापन गुरुवार देर रात नीचे मां बम्लेश्वरी मंदिर की 701 ज्योति कलशों के विसर्जन के साथ हुआ। कोरोना के चलते तीन पर्व में ज्योति कलशों के विसर्जन के लिए शोभायात्रा नहीं निकाली जा रही थी। गुरुवार रात 11 बजे बैगा के द्वारा पूजा के बाद 701 ज्योति कलशों की विसर्जन यात्रा शुरू हुई।

दोनों मुख्य कलशों की भेंट हुई
शीतला मंदिर में दोनों मुख्य कलशों की भेंट हुई। नीचे मंदिर से लेकर महावीर तालाब तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई थी। करीब एक किमी तक शोभायात्रा के लिए कतार लगी रही। इस दौरान कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही थमी रही। स्थानीय प्रशासन ने रेलवे को ट्रैक के ऊपर फुट ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव भेजा है। प्रशासन ने तर्क दिया है कि नीचे मंदिर से शीतला मंदिर तक एफओबी बनने से दर्शनार्थियों को शहर की ओर से नीचे मंदिर आने के लिए सुविधा मिलेगी। दोनों पर्व में विसर्जन के दौरान ट्रेनों को रोकना नही पड़ेगा।
