छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जहां शराबबंदी की तैयारी में है वहीं इनके एक मंत्री इस अभियान पर पानी फेरती नजर आ रही हैं। दरअसल, भूपेश सरकार में महिला और बाल कल्याण मंत्री अनिला भेदिया ने एक विवादित बयान दे दिया है। दरअसल अनिला ने पुरुषों से कहा कि एक छोटा पेग लगा लें और सो जाएं ताकि महिलाएं तनाव मुक्त रहें। उन्होंने कहा कि महिलाएं दिन भर घर का कामकाज करके थक जाती हैं और तनाव महसूस करती हैं इसलिए पुरुषो से निवेदन है कि थोड़ी मात्रा में पीकर सो जाया करें ताकि औरतों को और तनाव न हो। मंत्री की इस अजीब सलाह के बाद वह विवादों के घेरे में आ गई हैं। उनकी यह विवादित सलाह वाला वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
जानिए क्या है मामला
दरअसल, बुधवार को बालोद जिले के सिंघोला गांव में पहुंची मंत्री के पास शराबखोरी को लेकर महिलाओं की कई शिकायतें आई थीं। गांव की कई महिलाओं ने बताया कि जब से सरकार ने ग्रामीणों को अपनी शराब बनाने की अनुमति दी है, तब से गांव में इसकी खपत और बढ़ गई है। इस पर मंत्री ने ग्रामीणों से हंसते हुए कहा कि पीते हो तो कम पिया करो और घर में चुपचाप सो जाया करो। घर चलाने वाली महिलाओं को परेशानी हो रही है।
मेरे बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया: अनिला
विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। यह राजनीतिक शरारत है। मंत्री अनिला भेड़िया ने कहा कि मैं शराब के आदि पुरुषों को संबोधित कर रही थी और मैंने कहा कि उन्हें कम पीना चाहिए। घर और बच्चों की जिम्मेदारियों के चलते महिलाओं को काफी मानसिक दबाव का सामना करना पड़ता है। मेरे कहने का मतलब था कि शराब की लत बुरी है और हर किसी को इससे छुटकारा पाना चाहिए।
भाजपा ने किया हमला
वहीं मंत्री अनिला के बयान के बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस जहां राज्य में शराबबंदी की बात कर रही है वहीं इनके मंत्री लोगों से शराब पीने के लिए कह रही हैं। भाजपा ने कहा कि इस तरह के बयान से लोगों में गलत संदेश जाएगी और शराब की खपत और बढ़ जाएगी।
