० डोंगरगढ़ में नवरात्रि पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
राजनांदगांव। आस्था से जुड़े उत्सवी वातावरण के बीच असहज परिस्थितियां न बन पाए, इसलिए जनस्वास्थ्य को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले की धर्मनगरी डोंगरगढ़ में नवरात्रि पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन किया जाना प्रमुखता से शामिल है।
छत्तीसगढ़ में आस्था के प्रमुख केंद्र धर्मनगरी डोंगरगढ़ की पहाड़ी पर स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में माता की नियमित पूजा के साथ-साथ हर वर्ष मंर तथा चैत्र नवरात्रि पर्व में विशेष आराधना की जाती है। यहां 9 दिन के पर्व में छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों से भी लाखों श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर में हजारों की संख्या में ज्योति प्रज्जवलित की जाती है तथा मेला भी लगाया जाता है। कोरोना संक्रमण के खतरे के कारण गुजरे तीन सत्र में यहां मेला नहीं लगाया गया था, लेकिन इस बार नवरात्रि पर्व के अवसर पर 7 अक्टूबर से मेला लगाने की तैयारी की जा रही है। मेला लगने से पहले प्रशासन के द्वारा कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु प्रत्येक क्रिया-कलापों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बैठकों का दौर जारी है। मेले की तैयारियों को लेकर डोंगरगढ़ एसडीएम अरुण कुमार वर्मा, एसडीओपी कुमार कृष्ण पटेल व थाना प्रभारी शिव चंद्रा ने स्थानीय लॉज मालिकों, होटल व्यवसायियों, छिरपानी स्थित प्रसाद दुकानदारों व ऑटोचालकों सहित मेले से संबंधित विभिन्न वर्ग के लोगों की बैठक ली है।
बैठक में उन्होंने मेले के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्वक तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर मनाने की अपील की गई है। नवरात्रि मेला शुरू होने से पूर्व लॉज व होटल व्यसायियों को विशेष तौर पर निर्देशित किया गया है कि बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों को ठहराने से पूर्व उनके वैक्सीनेशन के डोज की जानकारी अनिवार्य रूप से लें, इसके पश्चात ही आगंतुकों को होटल में ठहरने के लिए प्रवेश दिया जाए। मेले के दौरान सफाई व्यवस्था भी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। ऑटोचालकों से रेट लिस्ट फिक्स रखने सहित सवारियों से कोविड वैक्सीनेशन डोज की जानकारी लेने के लिए कहा गया है। निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मंदिर परिसर व मेला स्थल पर समय-समय पर स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता विभाग व खाद्य विभाग के अधिकारी सहित एसडीएम भी विशेष रूप से अवलोकन करेंगे।
इस संबंध में एसडीएम अरुण कुमार वर्मा ने बताया, कोविड संक्रमण के खतरे से बचाव हेतु डोंगरगढ़ में नवरात्रि पर्व पर लगाए जाने वाले मेले को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मेले के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया जा रहा है। मेले से संबंधित विभिन्न वर्ग के लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं जिसके अंतर्गत ऑटो में सवार सभी को मास्क लगाना व सैनेटाइजर रखना अनिवार्य होगा। छिरपानी स्थित प्रसाद दुकानदारों को भी कहा गया है, वह कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए दर्शनार्थियों की सेवा करें।
खतरे से निपटने की ऐसी है तैयारी…
० सभी आवश्यक स्थानों पर मास्क व सैनेटाइजर की अनिवार्य व्यवस्था।
० पेयजल व खानपान व्यवस्था की होगी सतत निगरानी।
० प्रत्येक बेरिकेट पर कोविड जांच व वैक्सीनेशन की सुविधा रहेगी।
० पालीथीन का उपयोग प्रतिबंधितए लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी।
