शहर के रेवाडीह इलाके में फिर चाकूबाजी की घटना हुई है। मामले में पुलिस ने पूर्व पार्षद और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। घटना मंगलवार रात करीब 9.30 बजे की है। पुलिस ने बताया कि पूर्व पार्षद दीपक यादव अपने दो साथी सुरेंद्र साव और जय मेश्राम के साथ रेवाडीह इलाके में गया था।
जहां उन्होंने हिंदुस्तान होटल के संचालक से नाश्ता पैक करवाया। होटल संचालक ने जब नाश्ते का पैसा मांगा तो दीपक यादव और उनके दोनों दोस्त गाली गलौज करने लगे। पुलिस ने बताया कि राजनीतिक धौंस दिखाते हुए तीनों होटल संचालक को धमकाने लगे लेकिन 33 वर्षीय होटल संचालक अपने रुपए की मांग पर अड़ा रहा और गाली गलौज बंद करने की बात कहता रहा। इसी दौरान आक्रोशित होकर दीपक और उनके दोस्तों ने संचालक पर चाकू से वार कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल होटल संचालक को हाॅस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। इधर मौके से फरार दीपक यादव, सुरेंद्र और जय मेश्राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।
घटनाएं थम नहीं रही, जिले में धरपकड़ भी हुई बंद
शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। महीनेभर में 6 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। वहीं दो लोगों की हत्या भी हो चुकी है। पुलिस ने बदमाशों पर दबाव बनाने कुछ दिनों तक धरपकड़ अभियान चलाया लेकिन अब ये अभियान भी ठंडा पड़ गया है। इसके चलते बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। देर रात तक शराब की अवैध बिक्री भी ऐसी घटनाओं की वजह बनी हुई है।
