राजनांदगांव । स्कूली बच्चों को मध्यान्ह भोजन के स्थान पर राशि उपलब्ध कराई जाएगी। राशि सीधे छात्रों के खाते में जाएगी। जिले के प्राथमिक व माध्यम स्कूल में पढ़ने वाले दो लाख 12 हजार छात्रों के खाते में मध्यान्ह भोजन की राशि डाली जाएगी। बता दें कि स्कूल शिक्षा विभाग ने एक मई से 15 जून तक के मध्यान्ह भोजन की राशि छात्रों के खाते में डालने का निर्णय लिया है। यदि किसी छात्र का खात बैंक में नहीं है तो उसके स्थान पर पालक के खाते में उक्त राशि ट्रांसफर किया जाएगा। प्राथमिक स्कूल में प्रत्येक छात्रों को 202 रुपये और मीडिल स्कूल के प्रत्येक छात्रों को 291 रुपये प्रदान किया जाएगा। बता दें कि खाद्यान्ना सुरक्षा भत्ता योजना के तहत एक मई से 15 जून के बीच स्कूल का संचालन नहीं होता है। ऐसे में प्राथमिक पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को चावल दाल सब्जी के स्थान पर राशि प्रदान की जाएगी।
प्राथमिक में 202, मीडिल में 291 रुपये मिलेगा
प्राथमिक स्कूल के प्रत्येक बच्चे को पांच रुपये 19 पैसा प्रतिदिन के हिसाब से कुल 202 रूपये सीधे खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे। वहीं माध्यमिक स्कूल के प्रत्येक छात्र को सात रुपये 45 पैसा प्रतिदिन की दर से कुल 291 रूपया दिया जाएगा। कुकिंग कास्ट की राशि ही सिर्फ डीबीटी के माध्यम से बच्चों और पालकों के खाते में डाले जाएंगे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण के चलते शालाओं के बंद रहने की अवधि 16 जून से 31 जुलाई तक कुल 38 शालेय दिवसों का भी पूर्व की तरह मध्यान्ह भोजन का सूखा राशन स्कूली बच्चों को खाद्य सुरक्षा भत्ता के रूप में वितरण किया जाएगा।
