राजनांदगांव , 08 सितंबर । ऑनलाइन सामानों की आपूर्ति करने वाली निजी कंपनी के मैनेजर द्वारा चार लाख चौदह हजार छह सौ छियासी रूपयों की धोखाधड़ी का एक मामला प्रकाश में आया है । खैरागढ़ पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । आरोपी के खिलाफ पुलिस ने भादंवि की धारा 406 का अपराध दर्ज किया है । खैरागढ़ थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि आज बुधवार को पीड़ित गोपल किशन पिता किशन गुप्ता ( 42 ) निवासी वार्ड नंबर 04 गया नगर दुर्ग ने शिकायत दर्ज करायी कि वह दिल्ली गुड़गांव की प्रायवेट डिलीवरी कंपनी को चलाता है । इस कंपनी द्वारा ऑन लाइन सामान ई – कामर्स के अंतर्गत आपूर्ति किये जाते हैं । उक्त कंपनी में बतौर मैनेजर काम करने वाले सत्येन्द्र कुमार वैष्णव पिता जगत पाल ( 29 ) निवासी ग्राम खैरझिटी थाना धमधा ( दुर्ग ) ने 01 सितंबर को कुछ सामान सप्लाई कर 2 लाख 63 हजार 134 रूपये खुद रख लिए एवं कंपनी का नगद रूपया 1 लाख 46 हजार 552 रूपये भी नहीं लौटाया । इस तरह 4 लाख 14 हजार 686 रूपये की धोखाधड़ी किया । कंपनी का कार्यालय प्रायवेट डिलीवरी कंपनी के नाम से अमलीपारा में संचालित है । पुलिस ने कथित आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की । आरोपी सत्येन्द्र कुमार वैष्णव ने अपना जुर्म स्वीकार किया । उसके द्वारा पीड़ित गोपाल किशन को 54 हजार 900 रूपये ऑन लाइन लौटाये गये । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार 40 रूपये नगद भी जप्त किये हैं । एक मोबाइल भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आरोपी को जेल भेज दिया ।
