झारखंड में हेमंत सरकार द्वारा तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल रखा है। भाजपा विधायक विधानसभा के मुख्य द्वार पर हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रहे हैं और तुष्टिकरण की राजनीति बंद करो, विधानसभा में नमाज पढ़ने का कमरा बंद करो जैसे कई नारे लगा रहे हैं। इतना ही नहीं भाजपा विधायक ढोल -मृदंग और हारमोनियम बजाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विधानसभा में नमाज के लिए कमरा आवंटित किए जाने के खिलाफ रविवार को भाजपा की ओर से 27 सांगठनिक जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष के पुतला फूंके गए । पुतला दहन कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार ने साजिश के तहत एक तरफ मंदिरों के पट बंद कर पूजा पर रोक लगा रखी है, वहीं, दूसरी ओर एक विशेष समुदाय को खुश करने के लिए विधानसभा भवन में नमाज अता करने के लिए कक्ष आवंटित कर तुष्टिकरण की राजनीति को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ पार्टी आंदोलन और भी तेज करेगी। सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन, विधानसभा का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, जिसे हेमंत सरकार ने तुष्टिकरण की राजनीति कर अपमानित किया है।
