कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते इस बार भी जिला स्तर पर 5 सितंबर को शिक्षक सम्मान का कार्यक्रम नहीं होगा। शिक्षादूत और ज्ञानदीप पुरस्कार के लिए चयनित किए गए 30 शिक्षकों का ब्लॉक स्तर पर सम्मान होगा। सम्मानित होने वाले शिक्षकों को मोमेंटो, शॉल, श्रीफल और 5 हजार रुपए सम्मान बतौर दिए जाएंगे। इधर सहायक शिक्षक फेडरेशन की ओर से शिक्षादूत के रूप में चयनित किए गए शिक्षकों का दोबारा सम्मान होने का आरोप लगाया है।
फेडरेशन का कहना है कि कुछ शिक्षकों का पहले भी सम्मान हो चुका है। इन्हीं शिक्षकों का नाम फिर से सूची में शामिल कर दिया गया है। डीईओ एचआर सोम का कहना है कि शिक्षकों का सम्मान जिला स्तर पर होना था पर कोविड की तीसरी लहर को देखते हुए ब्लॉक स्तर पर प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सम्मान समारोह रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हर ब्लॉक से तीन शिक्षक
बताया कि शिक्षकों की योग्यता और उनकी ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचार को देखते हुए ही चयनित किए गए हैं। ब्लॉक स्तर के अफसरों को कार्यक्रम की रूपरेखा भी बता दी गई है। डीइओ ने बताया कि हर ब्लॉक से तीन-तीन शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें से तीन शिक्षकों का ज्ञानदीप पुरस्कार के रूप में सम्मान होगा। ज्ञानदीप सम्मान के लिए छुईखदान से शर्मिला महोबिया, मोहला से हीरा लाल आर्य और महादेव वाल्दे का नाम चयनित किया गया है।
करेंगे बहिष्कार
सहायक शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष शंकर साहू ने बताया कि फेडरेशन की ओर से शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का बहिष्कार किया जाएगा। इस दिन पदयात्रा करते हुए मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। बताया कि सहायक शिक्षकों का वेतन कम है। बताया गया है कि मांगों को लेकर डीईओ को ज्ञापन भी सौंपा गया है।
इनका होगा सम्मान
छुईखदान: लखन कौशल, संजीव कुमार ध्रुव, तुलेश्वर सेन राजनांदगांव: चंद्रावली साहू, राकेश सोनी, भरत लाल साहू डोंगरगांव: सरस्वती साहू, एनेन्द्र वर्मा, तोरन निषाद मोहला: शैलेष उके, सावित्री कोसमा, दम्मी चन्द्र चौकी: रामरतन साहू, रूखसाना खातून, स्वाति सोनवानी छ़ुरिया: मदन लाल बंजारे, उमा शर्मा, आसउराम खैरागढ़: पदम साहू, विकास चोपड़ा, ललित कुमार मानपुर: कुलदीप ठाकुर, नोहर लाल धावड़े, रामाधीन भुआर्य डोंगरगढ़: पुष्पांजली चंद्राकर, दावेन्द्र कु नागर, आलोक लॉरेंस छुईखदान: शर्मिला महोबिया, हीरा लाल आर्य, महादेव वाल्दे हैं।
2020 में चयनित शिक्षकों का भी किया जाएगा सम्मान
डीईओ सोम ने बताया कि बीते शिक्षा सत्र में शिक्षक सम्मान का कार्यक्रम नहीं हुआ था। इसलिए 2020 में चयनित किए गए शिक्षकों का सम्मान भी किया जाएगा। डीईओ ने ब्लॉक स्तर के अफसरों को सूची भी जारी कर दी है। ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित होने वाले शिक्षकों को 7 हजार दिए जाएंगे।
