तुमड़ीबोड़ में पांच दिन के भीतर चोरी की तीसरी बड़ी वारदात हुई है। गांव के एक किसान के घर से 2 लाख 35 हजार रुपए की चोरी कर ली गई है। गंभीर बात यह है कि इस वारदात को आरोपियों ने दिन दहाड़े अंजाम दिया है। तब पीड़ित किसान अपने काम से घर से बाहर था और घर के दूसरे सदस्य भी काम पर गए हुए थे।
वारदात बुधवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच की है। किसान लल्लू साहू अपने काम से पटवारी कार्यालय गया था, घर के दूसरे सदस्य भी काम पर गए हुए थे। तभी अज्ञात आरोपी उनके घर का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हो गया । आरोपी ने सब्बल से लल्लू के घर में रखे लोहे की आलमारी को तोड़ा और भीतर रखे 2 लाख 35 हजार रुपए चोरी कर लिए। लल्लू साहू जब घर लौटे तो उन्हें सारा सामान बिखरा हुआ देखा । इसके बाद उन्हें आलमारी में रखे रकम की चोरी होने की जानकारी मिली। लल्लू साहू ने तत्काल मामले की शिकायत तुमड़ीबोड़ चौकी में दर्ज कराई ।
खेत में फेसिंग कराने रिश्तेदारों से लिया था उधार
लल्लू साहू ने बताया कि उसे अपने खेत में फेंसिंग करना था, इसी के लिए उक्त रकम उसने अपने रिश्तेदारों से उधार ली थी। आने वाले दिनों में फेंसिंग की तार खरीदने और मजदूरी भुगतान इसी रकम से करना था। लेकिन इसके पहले ही आरोपी ने रकम चोरी कर ली । लल्लू की शिकायत के बाद पुलिस आरोपी की पतासाजी में जुट गई है।
पांच दिन में तीसरी चोरी, पुलिसिंग पर सवाल
तुमड़ीबोड़ में चोरी की वारदात लगातार बढ़ती जा रही है। पांच दिन पहले भी यहां एक मेडिकल स्टोर व गैस एजेंसी का शटर तोड़कर चोरी कर ली गई थी, उक्त वारदात के आरोपी सीसीटीवी फुटेज में भी दिख रहे थे, लेकिन अब तक पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। इधर पांच दिन के भीतर ही दिन दहाड़े किसान के घर से चोरी हो गई।
