छत्तीसगढ़ के सबसे हाईप्रोफाइल जिले में लूट की वारदात लगातार बढ़ रही हैं। स्थिति ये है कि यहां पिछले सात महीनों में ही लूट के 167 मामले दर्ज हुए हैं। वहीं जुलाई महीने में ही 44 केस दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में यह भी पता चला है कि ज्यादातर मामलों में लुटेरों ने दिनदहाड़े नकाब पहनकर वारदात को अंजाम दिया है।
कई मामलों में नहीं पकड़े गए आरोपी
हैरानी की बात ये है कि पुलिस कुछ ही मामलों में आरोपियों को पकड़ सकी है। अभी भी कई ऐसे केस हैं, जिसमें आरोपियों का कोई पता नहीं चल पाया है। ऐसे में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। लगातार हो रही लूट की वारदात से ट्विनसिटी के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पैदल चलने वालों को बना रहे निशाना
लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी पैदल चल रहे लोग या फिर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर धारदार हथियार टिकाकर भी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लुटेरे लोगों को लूटने के लिए नकाब के साथ-साथ तेज भागने वाली बाइक का भी इस्तेमाल करते हैं। इसी बाइक से वो लोगों को लूटकर फरार होते हैं।
इन जगह पर हुई लूट
एक दिन पहले ही छावनी में एक घर के बाहर सो रहे व्यक्ति के गले से सोने की चेन छीन कर आरोपी भाग गए हैं। इसके पहले कोहका निवासी ड्राइवर बिरंची यादव से एक बदमाश ने डरा धमका कर मोबाइल लूट लिया। 23 अगस्त को कोहका क्षेत्र में ही हाउसिंग बोर्ड निवासी बादल के साथ लूट हुई। बादल को पहले चार युवकों ने पीटा, फिर उससे सामान लूटकर भाग गए। वहीं कैंप क्षेत्र में रामू के साथ स्कूटी सवार युवकों ने पता पूछने के बहाने रामू से मोबाइल लूटकर फरार हो गए। बताया गया है कि लूट की वारदात को अंजाम देने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लुटेरों का गुट सक्रिय है।
साल दर साल बढ़ते लूट के आंकड़े
जिले में तीन साल के आंकड़ों को देखें तो साल दर साल लूट की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। साल 2019 में जुलाई तक 109 घटनाएं हुईं थीं। साल 2020 में 152 घटनाएं हुईं। इस साल 2021 में जुलाई तक 167 लूट की वारदात हुई हैं। एसपी प्रशांत अग्रवाल का कहना है कि लूट की वारदातों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है। आसपास की कॉलोनी समेत अन्य क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है। लूट के बड़े मामलों में खुलासे भी किए जा रहे हैं।
दरअसल, दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ का सबसे हाईप्रोफाइल जिला है। इसी जिले में मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र है। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू भी दुर्ग जिले की एक सीट से विधायक हैं। इसके अलावा राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय समेत कई और ऐसे बड़े नेता हैं,जो इसी जिले से आते हैं।
