कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दही हांडी का आयोजन नहीं रखा गया है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने पर्व के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि धार्मिक स्थल के प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर डिसपेन्सर एवं थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा। दही हांडी (मटकी फोड़) के आयोजन की अनुमति नहीं होगी। परिसर में केवल बिना लक्षण वाले व्यक्तियों को प्रवेश के लिए अनुमति दी जाएगी। मास्क का उपयोग करने वाले व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
आगंतुकों को परिसर में क्रमश: एक के बाद एक ही प्रवेश दिया जाए। एक साथ परिसर के भीतर भीड़ इकट्ठा न किया जाए। स्वयं के वाहन से आने वाले श्रद्धालुओं के जूते, चप्पल उनके वाहन में ही रखकर धार्मिक पूजा स्थल में प्रवेश के लिए निर्देशित किया जाए। परिसर के बाहर और भीतर स्थित सभी दुकान, स्टॉल, कैफेटेरिया आदि में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जाना अनिवार्य होगा। कतार व्यवस्था एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए परिसर में चूने या अन्य किसी उचित रंग से गोल घेरा या सर्कल निशान लगाए जाएं। प्रवेश के लिए कतार में खड़े होने वाले व्यक्तियों के मध्य न्यूनतम 6 फीट की शारीरिक दूरी सुनिश्चित की जाए।
मंडली के कार्यक्रम नहीं होंगे
जारी गाइडलाइन के अनुसार मूर्ति व धार्मिक ग्रंथों आदि को स्पर्श करने की अनुमति नहीं होगी। धार्मिक स्थलों में बड़ी सभाएं या मंडली कार्यक्रम आयोजन प्रतिबंधित होगा। संक्रमण के फैलने की आशंका को देखते हुए जहां तक संभव हो रिकॉर्ड किए गए भक्ति संगीत गाने बजाए जा सकते हैं। परिसर के भीतर लोगों से मिलते-जुलते समय फिजीकल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित किया जाये। धार्मिक व पूजा स्थल के भीतर सार्वजनिक चटाई या दरी के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। आगंतुक अपने साथ स्वयं की दरी या चटाई ला सकते हैं।
पूजा स्थल के पास प्रसादी बांटने की भी अनुमति नहीं
धार्मिक व पूजा स्थल के भीतर प्रसाद वितरण एवं पवित्र जल का छिड़काव करने की अनुमति नहीं होगी। धार्मिक व पूजा संस्थान के प्रबंधन द्वारा धार्मिक व पूजा स्थल की नियमित साफ-सफाई एवं निस्संक्रामक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परिसर के फर्श को विशेष रूप से दिन में कई बार साफ किया जाएं।
कमला कॉलेज चौक में नहीं होगी प्रतियोगिता
1 सितंबर को अवतार कल्चरल सोसायटी द्वारा कमला कॉलेज चौक में दहीलूट का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन साहू ने बताया की प्रशासन के निर्देशानुसार इस बार कार्यक्रम होगा, परंतु स्पर्धा का आयोजन नहीं किया गया है। इसके कारण बाहर प्रदेश से टोली को भी आमंत्रित नहीं किया गया है।
