शादी के बाद दहेज की डिमांड पूरी नहीं करने व कार खरीदने के लिए पैसे नहीं देने पर ससुराल पक्ष के द्वारा एक नवविवाहिता के साथ मारपीट कर एवं शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपियों ने मांग पूरी नहीं होने पर प्रार्थिया की उंगलियां भी तोड़ दी है। पुलिस ने प्रार्थिया की शिकायत पर महासमुंद निवासी उनके पति, सास-ससुर, देवर व ननंद के खिलाफ जुर्म पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने प्रार्थिया के पति, देवर व ससुर को हिरासत में लिया है लेकिन उसकी सास व ननंद को गिरफ्तारी नहीं हुई है।
ब्लॉक के ग्राम थैलीटोला निवासी 24 वर्षीय दीपाली उर्फ प्रिया पटवा की शादी महासमुंद निवासी शोभित नामदेव से 7 दिसंबर 2020 को सामाजिक रीति रिवाज से ग्राम थैलीटोला हुई थी। पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि विवाह के बाद से ही दहेज में उसे दो लाख नगद व कार खरीदने के लिए पैसे नहीं देने के नाम पर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। जब मांग पूरी नहीं होने पर पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उनसे मारपीट करने भी लग गए, उसे कमरे में बंद रखा जाने लगा और खाने भी नहीं दिया जाने लगा। दो लाख रुपए नहीं दिए जाने पर पति शोभित ने उनके हाथ की उंगलियां भी तोड़ दी।
प्रार्थिया की शिकायत पर अंबागढ़ चौकी पुलिस ने दीपिका के पति शोभित नामदेव 27 वर्ष, सास संजना नामदेव 42 वर्ष, देवर गुप्तेश नामदेव 22 वर्ष, ससुर भुनेश्वर पिता कमलनाथ नामदेव 45 वर्ष, ननंद मोनिका नामदेव पिता भुनेश्वर नामदेव 25 वर्ष के खिलाफ भादवि 498 ए, 294, 323, 506 एवं 325 की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। खबर है की पुलिस ने जुर्म पंजीबद्ध होने के बाद प्रार्थिया के पति, ससुर व देवर को तो हिरासत में लिया है लेकिन सास एवं ननंद की गिरफ्तारी नहीं की है। इधर पीड़ित पक्ष ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
2 माह बाद भी नहीं हुई सभी आरोपियों की गिरफ्तारी
प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने नवविवाहिता के पति, सास, ससुर, देवर व ननंद के खिलाफ 1 जुलाई को दहेज प्रताड़ना सहित गाली गुप्तार, जान से मारने की धमकी, मारपीट के मामले में भादवि के विभिन्न धाराओं के तहत जुर्म पंजीबद्ध किया है। दो महीने पहले जुर्म पंजीबद्ध किया लेकिन अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारियां नहीं हो पाई है। पखवाड़े भर पहले प्रार्थिया के पति, देवर व ससुर को जरूर गिरफ्तार किया है, अभी तक दो अन्य आरोपी सास व ननद को हिरासत में नहीं लिया गया है।
