छत्तीसगढ़ में कोरोना की जांच में छुट्टी का बड़ा असर दिखा है। रविवार को प्रदेश भर में केवल 27 नए संक्रमित मिले हैं। यह इस साल एक दिन में मिली संक्रमितों की सबसे कम संख्या है। यह तब हुआ जब, केवल 12,504 लोगों की कोरोना जांच हो पाई। सामान्य तौर पर प्रदेश में 35 से 42 हजार जांच रोजाना होती है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से देर रात आई रिपोर्ट के मुताबिक दुर्ग, जांजगीर-चांपा, सरगुजा और बस्तर में सबसे अधिक 3-3 मरीज मिले हैं। महासमुंद, रायगढ़, कोरिया, बीजापुर और कांकेर में 2-2 मरीज मिले हैं। वहीं रायपुर, कोरबा, जशपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और जशपुर में एक-एक संक्रमितों का पता चला है। एक दिन पहले कोरबा में 34 संक्रमित मिले थे। एक दिन बाद ही यह संख्या केवल 1 रही।
बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन की वजह से मरीजों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग भी पूरी तरह नहीं कराई जा सकी है। इस बीच राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, धमतरी, बलौदा बाजार, गरियाबंद, बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, सूरजपुर, बलरामपुर, कोण्डागांव और नारायणपुर जिले में संक्रमण को कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
एक मरीज की जान गई
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रविवार को कोरोना संक्रमण से एक मरीज की मौत हो गई। जांजगीर-चांपा जिले के इस मरीज की मौत कोमॉर्बिडिटी बताई जा रही है। यानी उसे कोरोना के अलावा दूसरी गंभीर बीमारियां भी थीं। इस एक मौत के साथ प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13,553 हो गई है।
अब तक 10,04,144 संक्रमित हो चुके
छत्तीसगढ़ में कोरोना के पहले केस से अब तक 10 लाख 4 हजार 144 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 13 हजार 553 की मौत हो गई। 9 लाख 89 हजार 728 लोगों ने महामारी को मात दी है। इनमें से 60 लोग तो रविवार को ही स्वस्थ्य घोषित किए गए। प्रदेश में अब 863 मरीजों का ही इलाज हो रहा है।
कल 239 लोगों को ही लगा टीका
रविवार को रायपुर सहित 24 जिलों में एक भी व्यक्ति ने टीका नहीं लगवाया। कोविन पोर्टल के मुताबिक रविवार को प्रदेश के 613 केंद्रों पर टीकाकरण हो रहा था। यहां केवल 239 लोगों ने टीका लगवाया। इनमें सबसे अधिक 118 लोगों ने धमतरी में टीकाकरण कराया है। बालोद में 81, कोण्डागांव में 30 और जशपुर जिले में 10 लोगों को टीका लग पाया।
आज रायपुर के 125 केंद्रों पर लग रहा टीका
रायपुर जिला प्रशासन के मुताबिक आज रायपुर के 125 केंद्रों पर टीकाकरण हो रहा है। इनमें 91 केंद्र रायपुर नगर निगम क्षेत्र में ही हैं। बिरगांव नगर निगम में 5, धरसीवां में 16, अभनपुर में 9 और तिल्दा में 4 केंद्रों पर टीकाकरण हो रहा है। इन केंद्रों पर 18 हजार 340 डोज कोविशील्ड और 11 हजार 270 डोज कोवैक्सीन उपलब्ध है।
