राजनांदगांव। जिले के वनांचल क्षेत्र में स्थित बुद्ध प्रतिमा पर छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। तथाकथित असामाजिक तत्वों के इस शरारती कृत्य की चारों ओर कड़ी निंदा हो रही है।
बौद्ध प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना की राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक ने भी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा है कि, यह कृत्य क्षेत्र के सौहार्द्रपूर्ण धार्मिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश है तथा इस घटना से आहत हूं। इस घटना के संबंध में मुझे रायपुर व दुर्ग-भिलाई से भी फोन आए तथा घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मैंने पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर इस कृत्य के आरोपियों को शीघ्र करने की मांग की गई है। श्री वासनिक ने कहा है, मानवता का संदेश देने वाले महामानव महकारूणिक तथागत बुद्ध की मूर्ति के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ करने से बौद्ध समाज के साथ ही मानवता प्रेमी सभी समाजसेवी संगठनों की भी भावना आहत हुई है। इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन से अपेक्षा करते हुए कहा गया है कि ऐसी घिनौनी हरकत करने वाले असामाजिक तत्वों को अतिशीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
श्री वासनिक ने बताया कि जिले के अंबागढ़.चौकी के सांगली-मेरेगांव पहाड़ी पर बुद्ध की प्रतिमा स्थित है, जिसे अज्ञात तत्वों ने क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया है। प्रतिमा को जगह-जगह मूर्ति को नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे आस्थावान आक्रोशित हैं।
श्री वासनिक ने कहा है कि प्रतिमा से छेड़छाड़ करने की कोशिश किए जाने से असामाजिक तत्वों की मंशा साफ झलकती है। यह कृत्य साफ तौर पर सौहार्द्रपूर्ण धार्मिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश है। यह कृत्य किसी षड़यंत्र के तहत किए जाने से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बौद्ध समाज उक्त प्रतिमा स्थल पर प्रतिवर्ष 1 जनवरी को भीमा कोरेगांव की याद में बौद्ध समाज द्वारा शौर्य दिवस का कार्यक्रम किया जाता है। मेला भी लगता है जिसमें जिले के साथ ही महाराष्ट्र से भी लोग आकर शामिल होते हैं। यह स्थल लोकप्रियता और आस्था का केन्द्र बनता जा रहा है।
