राजनांदगांव,12 अगस्त जिला कांग्रेस कमेटी,राजनांदगाँव द्वारा प्रकाशित समाचार के अनुसार वन मंत्री अकबर के सामने भाजपा के 26 कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल समाचार पर जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कड़ी एवं तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाचार भ्रामक एवं तथ्य हीन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विज्ञप्ति में कुलबीर छाबड़ा को भाजपा का जिला अध्यक्ष बना दिया गया है और साथ ही ऐसे कार्यकर्ताओं के नाम समाचार में दिए गए हैं जो कभी भाजपा के प्राथमिक सदस्य नहीं रहे, इसलिए कांग्रेस द्वारा भ्रामक समाचार छपवा कर गलत ढंग से वाहवाही लूटने का कुंठित प्रयास सफल नहीं होगा। श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि आज कांग्रेस ने राज्य को दयनीय स्थिति में ला दिया है, और जनता सब देख रही है। आने वाले समय में जनता कांग्रेस को अवश्य सबक सिखाएगी।
