राजनांदगांव। पुराना बस स्टैंड की दुर्दशा को दूरूस्थ करने पुराना बस स्टैंड संघर्ष समिति ने फिर मोर्चा खोल दिया है। पुराना बस स्टैंड में व्याप्त अव्यवस्था एवं वहां की दुर्दशा को लेकर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने जिला एवं मिनी बस ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष रईश अहमद शकील के नेतृत्व में महापौर श्रीमती हेमा देशमुख को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था को दूरूस्थ करने की मांग की है।
पुराना बस स्टैंड संघर्ष समिति द्वारा महापौर को सौंपे गए ज्ञापन में पुराना बस स्टैंड के जीर्णोद्वार व सीमेंटीकरण तथा यात्री प्रतिक्षालय के मरम्मत की मांग की है। रईश अहमद शकील ने बताया कि बरसात के दिनों में बस स्टैंड की हालत काफी जर्जर हो जाती है। इस बस स्टैंड में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, यहां पानी निकासी की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे बरसात के दिनों में गड्डों में पानी भर जाता है और पूरा परिसर तालाब में तब्दील हो जाता है। यहां से आवागमन करने वाले राहगीर तथा यात्री हिचकोले खाने को मजबूर हैं। बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। महापौर श्रीमती हेमा देशमुख ने समिति के पदाधिकारियों को जल्द से जल्द समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से बस ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष रईश अहमद शकील, पुराना बस स्टैंड संघर्ष समिति के अध्यक्ष जयराज चौथवानी, सचिव सुमित शर्मा, विवेक शुक्ला, मनोज भोजवानी, अखिलेश पंसारी, अरूण विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे।
