अंतर्राज्यीय मलेरिया नियंत्रण कार्यशाला का हुआ आयोजन
समन्वित प्रयास करने पर दिया जोर
राजनांदगांव। मलेरिया उन्मूलन के लिए जिले में नई रणनीति बनाकर पड़ोसी राज्यों के भी संवेदनशील क्षेत्रों के स्वास्थ्य विभाग की सहभागिता से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसी प्रयास की सार्थकता के लिए छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित 3 राज्य के 8 जिलों के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित की गई एक अंतर्राज्यीय मलेरिया नियंत्रण कार्यशाला में मलेरिया से बचाव के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई है।
राजनांदगांव के एक निजी होटल में अंतर्राज्यीय मलेरिया नियंत्रण कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इसमें राजनादगांव के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी के साथ ही पड़ोसी जिले कवर्धा से सीएमएचओ डॉ. एसके मंडल, बालोद से डॉ. जेपी मेश्राम, शहीद अस्पताल दल्लीराजहरा से डॉ. जेना, बालाघाट से डॉ. मनोज पाण्डेय, गढ़चिरोली से मलेरिया अधिकारी डॉ. मोदक और गोंदिया से डॉ. नितिन कापसे शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम में जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी तथा स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय संचालक डॉ. केआर काम्बले और राज्य स्तर से राज्य मलेरिया अधिकारी एवं संचालनालय के उच्च अधिकारी ने भी प्रमुखता से हिस्सा लिया। कार्यशाला में मलेरिया उन्मूलन के आवश्यक उपाय तथा माध्यमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने कार्यशाला के उद्देश्य बताए। उन्होंने कहा, राजनांदगांव जिले के बॉर्डर क्षेत्र जंगलों से घिरे हुए हैं जो कि प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले कवर्धा, बालोद, कांकेर, दुर्ग तथा महाराष्ट्र के गढ़चिरोली, गोंदिया एवं मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से लगे हुए हैं और इस क्षेत्र की पहचान वर्षों से सामान्यतः मलेरिया प्रभावित क्षेत्र के रूप में रही है। मलेरिया के कारण इस क्षेत्र के सभी जिलों में मलेरिया धनात्मक प्रकरण बड़ी संख्या में सामने आते हैं। यद्यपि पिछले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ में मलेरिया नियंत्रण पर बहुत अच्छा काम हुआ है और प्रदेश के ज्यादातर मलेरिया प्रभावित जिलों में मलेरिया का प्रसार दर एक प्रतिशत से भी कम हो गया है फिर अभी भी आदिवासी बहुत घने जंगलों वाले क्षेत्रों के सभी जिलों को एक साथ मिलकर मलेरिया पर विशेष काम करने की आवश्यकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव जिला मुख्यालय में अंतर्राज्यीय मलेरिया नियंत्रण कार्यशाला का आयोजन किया गया है, ताकि राजनांदगांव से लगे हुए महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश बॉर्डर के सभी जिले एक साथ एक रणनीति बनाकर मलेरिया नियंत्रण हेतु कार्य कर सकें और एक बेहतर परिणाम को प्राप्त कर अपने जिले के निवासियों को मलेरिया से मुक्ति दिला सकें।
मलेरिया उन्मूलन के लिए नई पहल आवश्यक : कलेक्टर
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा, राजनांदगांव जिले की सीमाएं कवर्धा, बालोद, कांकेर, दुर्ग, मध्य प्रदेश के बालाघाट एवं महाराष्ट्र के गढ़चिरोली व गोंदिया जिले को भी छूती हैं। इन सभी जिलों की पहचान मलेरिया प्रभावित जिलों की रही है और इस क्षेत्र के सभी जिलों के निवासी वृहद रूप से मलेरिया से प्रभावित होकर संकट में आते रहे हैं। यही वजह है कि, इन क्षेत्रों में मलेरिया नियंत्रण हेतु एक नवीन पहल की आवश्यकता है। इन समस्त संवेदनशील जिलों के अनुभवी अधिकारियों के कार्य अनुभव से एक नई रणनीति बनाकर सभी की सहभागिता से एक साथ इस पूरे क्षेत्र में मलेरिया उन्मूलन का कार्य किया जा सकता है। उन्होंने कहा, अंतर्राज्यीय मलेरिया नियंत्रण कार्यशाला से निश्चित रूप से सभी जिलों के अधिकारियों को एक-दूसरे के बेहतर प्रयास से बहुत कुछ सिखने को मिलेगा और हम सभी एक साथ सम्मिलित रूप से एक बेहतर रणनीति बनाकार कार्य कर सकेंगे।
सभी जिलों के लिए उपयोगी होगी कार्यशाला : कांबले
स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार के क्षेत्रीय संचालक डॉ. केआर कांबले ने कहा, मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में बेहतर काम हो रहा है और बहुत से जिलों में मलेरिया प्रसार की दर बहुत हद तक नियंत्रित है। यह कार्यशाला निसंदेह सभी प्रतिभागी जिलों के लिए उपयोगी होगी और बेहतर रणनीति के साथ सभी के साझा प्रयास से मलेरिया नियंत्रित हो सकेगी। कार्यशाला में प्रश्नोत्तरी के लिए भी विशेष सेशन रखा गया था, जिसमें सभी आगंतुकों ने अपने प्रश्न पूछे और आए हुए विशेषज्ञों ने उनका उत्तर देकर जिज्ञासाओं को शांत किया। अंतर्राज्यीय एवं अंतर जिला मलेरिया नियंत्रण कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमके भुआर्य, राज्य मलेरिया सलाहकार सुश्री एस. पटनायक, जिला मलेरिया सलाहकार संगीता पाण्डेय, विकास राठौर, प्रणय शुक्ल, प्रेरणा सहगल, अखिलेश नारायण सिंह व राजनांदगांव जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी एवं विकास खंड कार्यक्रम प्रबंधक आदि उपस्थित हुए।
