जिले में दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। बावजूद लोगों में वैक्सीनेशन को लेकर उत्साह बना हुआ है पर तकनीकी दिक्कतों के चलते लोगों को परेशान होना पड़ रहा। शुक्रवार को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल का सर्वर डाउन होने से लोगों को दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद वैक्सीन की डोज लग पाई।
परिवार सहित वैक्सीनेशन कराने पहुंचे लोग देर तक इंतजार करते परेशान होते रहे। अफसरों ने बताया कि सर्वर की समस्या पूरे देशभर में रही। भारत सरकार की ओर से कोविन पोर्टल में एक और नया ऑप्शन अपडेट किया गया है। यानी की अब यूजर की ओर से पोर्टल में लॉगिन किया जाएगा तो उसमें ओटीपी आएगी। सुरक्षागत कारणों से सरकार की ओर से यह नया ऑप्शन अपडेट किया गया है। सर्वर डाउन था और वैक्सीनेशन में देरी हुई।
पहले से जागरूकता आई: जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया कि भारत सरकार की ओर से पोर्टल में नया ऑप्शन देने की वजह से सर्वर डाउन था। इसके बाद वैक्सीनेशन किया गया। हालांकि अन्य दिनों की अपेक्षा सीमित संख्या में वैक्सीनेशन हुआ। डॉ. तुलावी ने बताया कि लोगों में टीकाकरण को लेकर जागरूकता आई है, क्योंकि अब स्कूल, कॉलेज खुल रहे हैं। लोगों को काम के सिलसिले में बाहर भी जाना पड़ रहा है। ऐसे में वैक्सीन की दोनों डोज जरूरी हो गई है।
परिवार सहित पहुंच रहे लोग: परशुराम भवन में बनाए गए सेंटर में बारिश के बाद भी लोगों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। ज्यादातर लोग परिवार सहित वैक्सीनेशन कराने पहुंचे थे। दरअसल लोग स्वयं ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने की बजाए सीधे सेंटर में पहुंचकर स्वास्थ्य कर्मचारियों के माध्यम से मौके पर ही रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। इसके चलते भी वैक्सीनेशन में देरी हो रही है।
