जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों के पास से एक एके-47 राइफल और एक एम-4 राइफल बरामद हुई है। सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया ऑपरेशन अभी भी जारी है।
आईजीपी कश्मीर जोन ने बताया कि मारे गए आतंकियों में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा पाकिस्तानी आतंकवादी लंबू भी शामिल है। दूसरे आतंकी की पहचान की जा रही है। उन्होंने सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को बधाई दी है।
जानकारी के अनुसार, खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला था कि पुलवामा के त्राल के नागबेरान तारसर के जंगल में आतंकी छिपे हैं। इस पर सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। सुरक्षाबलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आतंकियों ने आत्मसमर्पण नहीं किया। आतंकियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी मुंहतोड़ जवाब देते हुए दो आतंकियों को मार गिराया है। फिलहाल सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान चला रखा है।
