भानुप्रतापपुर आईटीआई के अफसर के साथ बिजनेस इन्वेस्टमेंट के नाम पर 12.36 लाख की ऑनलाइन ठगी की गई। फेसबुक से दोस्त बनी महिला ने अफसर को पहले लंदन में नौकरी ऑफर की। इंकार करने पर बिजनेस इनवेस्टमेंट का लालच देकर लाखों रूपए बैंक खाते से विभिन्न ऑनलाइन पेमेंट एप के माध्यम से लंदन के बैंक खाते में ट्रांसफर कराए। महिला ने अफसर को 11 करोड़ नगद व सोना का झांसा दिया था। इसके चक्कर में महिला के कहने पर लाखों रुपए लंदन के बैंक में जमा करा दए।
अफसर की शिकायत पर पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था भानुप्रतापपुर के प्रशिक्षण अधिकारी बसंत प्रकाश कुर्रे के अनुसार नवंबर 2020 में रोज फ्रांसिस नामक फेसबुक एकाउंट से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई जिसे स्वीकार किया। दोनों के बीच मैसेंजेर से बातचीत शुरू हुई। जनवरी 2021 में महिला ने अफसर को लंदन में नौकरी ऑफर की। अफसर ने इंकार किया तो महिला ने भारत में ही बिजनेस इनवेस्टमेंट करने उसे मदद करने आश्वासन दिया। अफसर ने रूचि दिखाई तो दोनों के बीच बातचीत बढ़ी।
फरवरी में महिला ने बताया वह सीरिया मेडिकल सप्लाई करने आई है। इनवेस्टमेंट के लिए अफसर को लंदन के बैंक में खाता खोलने कहा। महिला द्वारा भेजे लिंक से लंदन के कथित कॉमनवेल्थ बैंक में फरवरी में खाता खोला। बैंक ने आईडी पासवर्ड दिया। बैंक ने अफसर से एफेडेविड जमा करने कहा। महिला के माध्यम से बैंक में 350 पाउंड यानी 35500 रूपए पहली बार जमा किए क्योंकि अफसर के पास लंदन के बैंक में जमा करने विदेशी मुद्रा नहीं थी।
क्वारेंटाइन का नया बहाना
भारतीय युवती का फोन आया कि महिला 7 दिन के लिए दिल्ली में क्वारंटाइन की गई है। वह वीआईपी रूम मांग रही है जिसका 7 दिन का 70 हजार जमा कराएं। उक्त रकम भी जमा कर दी। क्वारेंटाइन पूरा होने पर महिला ने फ्लाइट से रायपुर आने की बात कही तो अफसर ने भारतीय युवती के खाते में 15 हजार जमा कराए जिसके बाद महिला रोज फ्रांसेस का मोबाइल बंद हो गया।
लंदन के खाते में 28 करोड़ आनेे का मैसेज
फरवरी माह में मैसेज आया जिसमें लंदन के उक्त बैंक में खाता खोलने व उसमें 3.6 मिलियन डालर यानी 28 करोड़ रूपए जमा होने की सूचना थी। बैंक का लॉगइन आईडी पासवर्ड भी आया। अफसर ने लॉगइन किया तो खाते में 28 करोड़ जमा होना दिखाया। जेम्स मोरगेंस कस्टमर केयर कामनवेल्थ बैंक के नाम से वाट्सअप मैसेज भी आया।
दिल्ली के क्वारेंटाइन सेंटर से खुला राज
अफसर ने महिला को वाट्सएप में संदेश भेजा तो उसने पढ़ा लेकिन जवाब नहीं दिया। अनहोनी की आशंका लिए अफसर ने दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के हेल्पलाइन से बात की तो पता चला वहां किसी को क्वारेंटाइन नहीं किया गया है। इसके बाद अफसर को ठगी का एहसास हुआ और उसने शिकायत भानुप्रतापपुर थाना में की।
कभी स्टांप ड्यूटी तो कभी टैक्स के नाम से ठगी
मार्च में फिर सर्टिफिकेट मान्य करने 1000 पाउंड ड्यूटी स्टांप जमा करने मेल आया। अफसर ने जमा कराया। फिर कास्ट ऑफ करंसी कन्वर्सन के नाम 1.52 लाख, फंड ट्रांसफर के नाम 1 लाख, पेय टेक्स के नाम 72 हजार, एंटी टेरेरिस्ट सर्टिफिकेट के नाम 63 हजार जमा करवाते रहे। फिर से बैंक ने रकम जमा कराने कहा तो अफसर ने मना कर दिया।
भारतीय खाते में रकम आने के मैसेज के बाद ट्रांसफर रोकने का मैसेज
अफसर ने एक हजार डालर अपने भारतीय खाते में ट्रांसफर करने कोशिश की तो उसे जेम्स मोरगेन ने ट्रांसफर पिन जनरेट करने कहा। अफसर से 1.18 लाख जेम्स माेरगेन द्वारा दिए गए भारतीय एकाउंट मेें जमा कराया। अफसर को ट्रांसफर पिन कोड मिला जिसका उपयोग कर उसने रकम ट्रांसफर की तो 48 घंटे बाद उसे भारतीय खाते में रकम जमा होने मैसेज आया। फिर लंदन से उक्त ट्रांसफर रोकने मैसेज मिला जिसमें कहा कि इंटरनेशनल स्तर पर रकम ट्रांसफर की गई है। मनी लांड्रिंग या आतंकी संगठन को रकम मुहैया कराने का डर दिखाते रेग्यूलेटरी सर्टिफिकेट 7 दिन में जमा कराने कहा। नहीं तो पैसा जब्त कर गिरफ्तारी करने डराया। अफसर डर गए। सर्टिफिकेट के लिए 2.58 लाख उनके द्वारा बताए भारतीय खाते में जमा कराए।
11 करोड़ की डीडी और गोल्ड के लिए फिर जमा करवाए 2.64 लाख
अफसर ने जानकारी महिला मित्र को दी तो उसने आगे पेमेंट जमा करने मना किया। सिरिया से लंदन जाने के बाद प्रक्रिया देखने की बात कही। अप्रैल 2021 में महिला मित्र ने लंदन बैंक खाते से पुन: अफसर को अपने खाते में रकम ट्रांसफर करने बैंक को मेल करने कहा।
भारत आने की बात कही तो अप्रैल मेें लॉकडाउन के चलते अफसर ने भारत आने मना करते जून में आने कहा। 1 जुलाई को लंदन से दिल्ली आने की सूचना दी। 1 जुलाई को अफसर को भारतीय युवती के मोबाइल से फोन आया जिसने कहा लंदन से आपकी मित्र आई है जिसके पास 11 करोड़ का डीडी एवं गोल्ड है। क्लियरेंस करने 1.86 लाख एवं करंसी कन्वर्सन के लिए 78 हजार भारतीय खाते में जमा कराएं। अफसर ने अपने दोस्त से पैसे जमा करवाए।
