खेत अपने नाम नहीं चढ़ाने पर एक बेटे ने अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद बाकायदा लाश घर के पीछे खेत में दफन कर दिया। लेकिन जब तेज दुर्गंध उठने लगी तो खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
मामला डोंगरगढ़ इलाके के ग्राम नागतराई का है। टीआई अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि उमाकांत उर्फ पंकज वर्मा (25 वर्ष) का अपने पिता रामचंद वर्मा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। उमाकांत अपने पिता से खेत को खुद के नाम पर करने की जिद करता था, लेकिन रामचंद अपने बेटे की बात नहीं मान रहे थे। इसी के चलते आए दिन दोनों के बीच विवाद होता रहा।
19 जुलाई की रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोश में आकर उमाकांत ने अपने पिता की गला दबाकर हत्या कर दी । पिता को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने शव घर के पीछे खेत में दफन कर दिया। लेकिन शव से तेज दुर्गंध उठते ही उमाकांत घबरा गया। मामला खुलने से पहले ही हत्या के पांच दिन बाद उसने सरेंडर कर दिया।
शव बाहर निकाल पुलिस ने कराया पीएम, भेजा जेल
आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस उसे मौके पर लेकर पहुंची। रामचंद के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने रामचंद के शव का पीएम कराया, अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा। आरोपी उमाकांत को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
