राजनांदगांव । साप्ताहिक समय.-सीमा की बैठक में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि कोविड-19 का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिए सावधानी रखने की जरूरत है। जिले में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मास्क नहीं पहनने वालों पर चालानी कार्रवाई करने कहा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से सुरक्षा के लिए जनसामान्य को टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित करेने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि जिले में गुरूवार को टीकावार के रूप में मनाया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले में सात लाख व्यक्तियों का टीकाकरण हो गया है और यह कार्य अच्छी तरह से पूर्ण हुआ। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों ने भी यह माना है कि टीकाकरण के बाद हर्ड इम्यूनिटी बढ़ती है और कोरोना से सुरक्षित हो सकते हैं। थोड़ी सी भी असावधानी से कोरोना फैल सकता है। इसलिए सभी कोविड एप्रोप्रियेट बिहेवियर का पालन करें। टीकाकरण के कार्य में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राजस्व विभाग ने बहुत अच्छा कार्य किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए बहुत सावधानी बरते। मास्क लगाएं, शारीरिक दूरी का पालन करें तथा साबुन से बार-बार हाथ धोएं और टीकाकरण जरूर कराएं। इन उपायों को अपनाकर कोरोना से बचाव कर सकते हैं।
पटवारियों का 10 दिनों का प्रशिक्षण दें: कलेक्टर ने कहा कि जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश में सर्वाधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। बीमा कराने की प्रक्रिया से लेकर बीमा मिलने तक किसानों को छोटी-छोटी दिक्कत होती है। इसके लिए कृषि विभाग एवं पटवारियों का 10 दिनों का प्रशिक्षण कराएं। जिसमें जनप्रतिनिधियों को भी बुलाएं।
बीमित कृषकों को फसल बीमा के नियमों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन के आंकलन के लिए अधिसूचित बीमा इकाई ग्राम में फसल कटाई प्रयोग आयोजित करने के उपरांत प्रयोग से प्राप्त वास्तविक उपज, थ्रेस-होल्ड उपज से कम प्राप्त होने पर बीमित किसानों को बीमित राशि के आधार पर दावा भुगतान किया जाएगा। वास्तविक उपज, थ्रेसहोल्ड उपज से अधिक होने पर दावा भुगतान की पात्रता नहीं होगी। इन सभी बातों का अच्छी तरह प्रचार-प्रसार करें। इसके लिए पॉम्पलेट, बेनर, ब्रोसर, वीडियो के माध्यम से किसानों में जागरूकता लाएं। व्यापक पैमाने पर इसके लिए प्रशिक्षण कराएं। उन्होंने जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी, पटवारी तथा बीमा कंपनी के प्रतिनिधि का सेल बनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य से संबंधित विभाग कार्यों में गति लाएं। राजस्व विभाग नामांकन, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों का शिविर लगाकर निराकरण करें, इसके लिए बार-बार समझाईश दी जा रही है। इस कार्य में कोताही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। जनसामान्य को दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
चारागाह विकास के लिए कार्य करें: जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने कहा कि वर्मी कंपोस्ट निर्माण तथा विक्रय के कार्य के लिए सभी जनपद सीईओ सक्रिय होकर कार्य करें। इसके लिए सजगता मेहनत करने की जरूरत है। गौठान समिति का पुर्नगठन करें तथा चारागाह विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पौधारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत सभी ने अच्छा कार्य किया है। पौधों के लिए पानी की व्यवस्था रखें। समूह की महिलाओं को बाड़ी में सब्जी लगाने के लिए प्रोत्साहित करें।
इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी खैरागढ़ संजय यादव, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर वीरेंद्र सिंह एवं एसडीएम मुकेश रावटे उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं अन्य अधिकारी जुड़े रहे।
