सुकमा जिले में नक्सलियों (Naxalites) पर युवकों के अपहरण का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि जिले के कुंदेड़ व आसपास के गांवों के 7 युवकों को नक्सली अपने साथ जंगल लेकर चले गए हैं. बीते मंगलवार की सुबह नक्सली गांव में आए और युवकों को अपने साथ लेकर चले गए. इसके बाद युवकों को वापस लाने की कवायद की गई. क्षेत्र के ही कुछ जन प्रतिनिधि व ग्रामीण युवकों को छुड़ाने के लिए जंगल गए. इसके बाद उन्हें वे लेकर देर रात वापस लौटे. बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने जनअदालत लगाकर उन्हें छोड़ा. उनपर पुलिस मुखबिरी के आरोप लगाए गए.
सुकमा के एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि युवकों को लेकर ग्रामीण वापस आ गए हैं. कल रात को सभी ग्रामीण और सात युवक कुंदेड़ गांव पहुंचे. युवकों पर पुलिस से बात करने और मुखबिरी का आरोप लगाया गया. बताया जा रहा है कि सातों युवकों को रिहा करवाने आधा गांव पहुंचा था. नक्सलियों के पास
तोलावर्ती इलाके में नक्सलियों ने जनअदालत लगाया था. सर्व आदिवासी समाज के युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रामदेव बघेल ने कहा सभी की सुरक्षित रिहाई हो गई. बता दें कि बस्तर संभाग में नक्सल हिंसा के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. बीजापुर के गंगालुर में बीते मंगलवार को अपने ही एक पुराने साथी की नक्सलियों ने हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को सड़क पर फेंक दिया. बताया जा रहा है कि मृतक 9 साल तक नक्सल संगठन में काम कर चुका था, लेकिन बाद में वापस अपने गांव लौटकर खेती किसानी कर रहा था.
नारायणपुर में हमला
बता दें कि बीते मंगलवार को ही नक्सलियों ने बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में विधायक चंदन कश्यप की सुरक्षा में लगी फोर्स पर हमला कर दिया. इस हमले में आईटीबीपी का एक जवान शहीद हो गया. जबकि एक अन्य जवान घायल हो गया. नारायणपुर के हमदाई घाट के पास इस वारदात को अंजाम दिया गया.
