अपने आप को नक्सली बताकर अज्ञात व्यक्ति द्वारा दो दिनों तक कपड़ा व्यापारी के घर के सामने माचिस के डिब्बे में चिट्ठी छोड़ी गई। इस चिट्ठी में जान से मारने की धमकी देकर 20 लाख रुपए मांगे गए। पत्र के अंत में लाल सलाम जिंदाबाद लिखा गया था। इसकी शिकायत बांसपाई पास निवासी राजू उर्फ वोहित राम देवांगन ने बसंतपुर थाने में की। राजू ने बताया कि वे बांसपाई पारा शिव मंदिर अजय साउंड सर्विस के सामने राजनांदगांव में रहते हैं। गुड़ाखू लाइन में निर्मल हैण्डलूम कॉर्पोरेशन के नाम से कपड़े की दुकान है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दो-तीन साल पहले निर्मल हैंडलूम में आरोपी काम करता था।
13 जुलाई की रात 11 बजे परिवार वाले खाना खाकर सो गए थे। सुबह 14 जुलाई को करीबन साढ़े 6 बजे के बीच उठकर देखे तो कोई अज्ञात व्यक्ति घर के बाहर एक माचिस के डिब्बे में एक खत छोड़कर चला गया था। उक्त खत में अज्ञात व्यक्ति द्वारा 20 लाख रुपए की मांग करते हुए पूरे घर एवं परिवार के सभी सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। खत के अंत में लाल सलाम जिन्दाबाद लिखा हुआ। 16 जुलाई और 19 जुलाई को भी सुबह 6 बजे सोकर उठे तो वही धमकी भरा पत्र पुन: प्राप्त हुआ। इससे सभी परिवारजन काफी भयभीत एवं डरे हुए थे। बसंतपुर थाने में शिकायत की।
सीसीटीवी से हुई पहचान
टीआई लोमेश सोनवानी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर वाहन से भी आरोपी की पहचान हुई। यह प्रार्थी की दुकान में काम कर चुका नौकर निकला। गाड़ी नंबर सीजी08यू-3948 मोपेड से पतासाजी करने पर आरोपी मनीष घरडे पिता मनोहर (25 वर्ष) निवासी राजीव नगर बसंतपुर का होना पाया। पुलिस ने साइबर टीम की मदद से उसे मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामलेमें पुलिस ने धारा 384, 506 के तहत अपराध दर्ज किया।
