राजनांदगांव , जिलेभर की पीडीएस दुकानों में हितग्राहियों को तीन माह चावल एकमुश्त दिया जा रहा है। लेकिन जिले की कुछ दुकानों में केवल एक माह का राशन देने की शिकायतें खाद्य विभाग को मिली है। शिकायतों के बाद खाद्य विभाग द्वारा जिले की सभी 498 पीडीएस की दुकानों से सभी हितग्राहियों को एकमुश्त तीन माह का चावल दिलाने अफसरों को ब्लॉक वार शहरी और ग्रामीण इलाकों में मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी है। तीन की जगह एक माह का राशन देने वाले पीडीएस संचालकों पर कार्रवाई की तैयारी है। इसमें सरपंच, पंच, कोटवार, मितानिनों की भी मदद ली जाएगी।
तीन की जगह एक माह का राशन देने की शिकायत पर खाद्य विभाग के अफसरों ने शहरी क्षेत्र की कुछ दुकानों में दबिश भी दी। वहां हितग्राहियों को अप्रैल, मई एवं जून तीन माह का चावल एकमुश्त दिया जाना पाया गया। जिले में तीन माह के आबंटन के विरुद्ध 41 प्रतिशत राशन कार्ड धारियों को तीन माह का चावल दिया गया है। शेष हितग्राहियों को वितरण किया जा रहा है।
अब शिकायत मिली तो संचालकों पर कार्रवाई खाद्य अधिकारी रविन्द सोनी ने बताया उन्होंने भंडारण वितरण क वास्तविकता देखने मोतीपुर, नवागांव, नया ढाबा राहुल नगर, पुलिस लाईन, स्टेडियम वार्ड की पीडीएस दुकानों का निरीक्षण किया। एकसाथ 3 माह के राशन देने की पुष्टि हुई। पीडीएस संचालकों को तीन माह का राशन एकमुश्त वितरण करने निर्देशित किया गया है। कुछ दुकानों की शिकायत मिलने पर अफसरों को मॉनिटरिंग करने कहा गया है।
