राजनांदगांव। खेल गतिविधियां धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। बीसीसीआई ने क्रिकेट खिलाड़ियों को कोरोना में बड़ी राहत दी है। बीसीसीआई व छग राज्य क्रिकेट संघ ने शेड्यूल जारी कर दिया है। जल्द ही जिले व राज्य के लिए टीम गठित की जाएगी। टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों को चयन ट्रायल से गुजरना होगा। इस बार चयन ट्रायल में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को खुद का किट लाना होगा। कोरोना के चलते खेल गतिविधि में असर पड़ा है।
बीते एक साल से कोई भी आयोजन नहीं हुए है। इसी बीच बीसीसीआइ व छग राज्य क्रिकेट संघ के निर्देशानुसार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता व राज्य टीम गठन के पूर्व राजनांदगांव जिले के विभिन्ना आयु समूह के क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन के लिए शेड्यूल जारी किया है। क्रिकेट संघ ने ट्रायल में शामिल होने सभी खिलाड़ियों को खुद का किट व हेलमेट लेकर आने निर्देश दिया है। साथ ही मास्क व सेनेटाइजर के साथ आना होगा।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव द्वारा शनिवार को अंडर-16, 19 और 18 जुलाई को अंडर-23 व सीनियर खिलाड़ियों के चयन के लिए गुजराती स्कूल मैदान में चयन प्रक्रिया का आयोजन रखा गया है। चयन प्रक्रिया सुबह नौ बजे से शुरू होगी। अंडर-16 के लिए कट आफ डेट एक सितंबर 2005 व अंडर-19 के लिए एक सितंबर 2002 तथा अंडर -23 के लिए एक सितंबर 1998 रखी गई है। जिन खिलाड़ियों का आन लाईन पंजीयन हो चुका है वे ही इस चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। जिन खिलाड़ियों का पंजीयन नहीं हुआ है वे निर्धारित दिनांक को सुबह नौ बजे गुजराती स्कूल मैदान में उपस्थित होकर अपना पंजीयन कराकर चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। आवश्यक दस्तावेजों के साथ न आने पर चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में समस्त आयु वर्ग से 15-15 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। सभी आयु वर्ग के चयनित खिलाड़ी छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा बीएसपी क्रिकेट मैदान भिलाई में 22 जुलाई को अंडर-19, 26 जुलाई को अंडर-16 तथा 19 अगस्त को अंडर-23 व सीनियर खिलाड़ियों के लिएआयोजित चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे। पंजीयन के लिए खिलाड़ियों को पांचीवी, आठवीं व वर्तमान कक्षा के अंकसुची, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण व निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट फोटो लाना होगा।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव योगेश बागड़ी ने बताया कि बीसीसीआई द्वारा वर्ष 2021 के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। जिसमें मेंस क्रिकेट में सैय्यद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी, विजय हजारे ट्राफी, अंडर-23 के लिए कर्नल सीके यडू, अंडर-23 मेंस वन-डे टुर्नामेन्ट, अंडर-19 वीनु माकड़ ट्राफी, अंडर-19 कुच बिहार ट्राफी व अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्राफी का होना तय हुआ है। इन विभिन्ना आयु वर्ग के टुर्नामेंटों में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ की टीम के गठन के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा प्रत्येक आयु वर्ग के लिए अलग-अलग दिनांक में बीएसपी क्रिकेट ग्राउण्ड भिलाई में चयन प्रक्रिया का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जिले में आयोजित चयन प्रक्रिया से चयनित खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे।
