डीजीपी डीएम अवस्थी की चेतावनी के बाद पुलिस ने सप्ताह भर में शराब कोचियों और सटोरियों पर लगातार कार्रवाई की है। पुलिस का अभियान जिलेभर में जारी है। आने वाले दिनों में कार्रवाई की संख्या और भी बढ़ेगी। पुलिस प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक जिले भर में 7 जुलाई से शराब व सट्टा के खिलाफ अभियान शुरु किया गया।
इसमें 14 जुलाई तक 83 प्रकरण सट्टा के और 78 प्रकरण शराब की अवैध बिक्री के बनाए गए हैं। इन मामलों में इतनी ही संख्या में आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं जुए के 7 फड़ों पर भी दबिश दी गई है, जहां से 38 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है।
जिले के अलग-अलग हिस्सों में शराब की अवैध बिक्री धड़ल्ले से जारी थी, लेकिन कार्रवाई थमी हुई थी। डीजीपी के आदेश के बाद जागे पुलिस प्रशासन ने सात दिन में ही ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। एसपी डी. श्रवण ने बताया कि जुआ सट्टा और शराब बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
इधर डोंगरगढ़ में हुए हत्या के दो मामलों में पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं। हार्डवेयर व्यवसायी रमेश जनबंधु और निगो जलाशय में मिले 12 साल के बालक के शव मामले में पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
