सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नई बिल्डिंग के लिए दो करोड़ 50 लाख रुपए की स्वीकृति मिल गई है। सीजीएमएससी से टेंडर जारी होने के बाद बहुत जल्द काम शुरू हो जाएगा। आज कल में टेंडर जारी होने की भी बात कही गई है। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर ने 12 जुलाई के अंक में बारिश के बाद हॉस्पिटल बिल्डिंग की छत से टपक रहा पानी, नई बिल्डिंग की जरूरत शीर्षक से प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित कर समस्या को उजागर किया था।
इसके बाद विधायक भुनेश्वर बघेल ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए गंभीरता दिखाई और अपने विधानसभा क्षेत्र के एलडब्ल्यूई मद से 40 लाख रुपए मर्ज करने की अनुशंसा कर दी। इधर खबर प्रकाशन के बाद प्रशासन भी हरकत में आया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया। टेंडर निकालने की प्रक्रिया दो दिन के भीतर ही शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार निविदा प्रकाशन के बाद टेंडर की पूरी कार्रवाई बहुत जल्द पूरी हो जाएगी और कार्य को प्रमुखता में रखते हुए अगले महीने से ही निर्माण शुरू होने की पूरी संभावना है। बता दें कि अछोली में स्वास्थ्य विभाग को करीब एक एकड़ जमीन आवंटित हुई है। नई बिल्डिंग निर्माण के लिए कुल दो करोड़ 50 लाख रुपए राशि स्वीकृत हो चुकी है। दो वर्षों से लंबित कार्य को अब गति मिलती दिख रही है।
जर्जर हो चुकी है वर्तमान बिल्डिंग: बुधवारी पारा में संचालित हॉस्पिटल की बिल्डिंग पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इसलिए नई बिल्डिंग की मांग पिछले चार वर्षों से हो रही है। जमीन चयन को लेकर ही काफी समय बीत चुका है, अब जाकर अछोली में विभाग को जमीन आवंटित की गई है। लेकिन निर्माण में राशि कम पड़ने की वजह से भी टेंडर प्रक्रिया दो वर्षों से लंबित थी। हॉस्पिटल की नई बिल्डिंग के लिए विधायक ने एलडब्ल्यूई मद से दिए 40 लाख: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नई बिल्डिंग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
अछोली में प्रस्तावित हॉस्पिटल बिल्डिंग का निर्माण बहुत जल्द शुरू होगा। निर्माण में राशि कम पड़ने पर विधायक व अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भुनेश्वर बघेल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के एलडब्ल्यूई मद की 40 लाख रुपए को नई बिल्डिंग निर्माण में मर्ज करने का पत्र कलेक्टर को लिखा है। बीएमओ डॉ. बीपी इक्का ने बताया कि जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। बहुत जल्द टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
