जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज का एक मामला सामने आया है, जहां गुरुवार की शाम कुछ बदमाशों के द्वारा अस्पताल के वार्ड में घुसकर महिला डॉक्टर्स व नर्स के साथ अभद्र व्यवहार व छेड़छाड़ की गई है। मामले की शिकायत परपा थाना में भी की गई है। शिकायत के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि एक गर्भवती महिला अस्पताल में भर्ती थी, जिसका सही उपचार नहीं किया जा रहा था। जिसके विरोध में 6 युवक सीधे प्रसूति वार्ड में घुस गए और स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला स्टाफ की चीख की आवाज सुन अन्य स्टाफ भी पहुंचे। इकठ्ठी होती भीड़ देखकर 6 में से 5 युवक भाग गए लेकिन एक स्टाफ के हत्थे चढ़ा और उसकी बेदम पिटाई भी की गई । जिसके बाद इस मामले की शिकायत परपा थाना में की गई।
जगदलपुर नगर पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया कि गुरुवार की शाम अस्पताल के डॉक्टर्स व नर्स ने शिकायत की थी कि कुछ लोग अचानक अस्पताल के प्रसूति वार्ड में घुस ड्यूटी में तैनात डॉक्टर , नर्स व स्टाफ के साथ गालीगलौज की और छेड़छाड़ भी की गई। शासकीय कार्य में बाधा भी डाली गई है। इनकी शिकायत के आधार पर ही 6 बदमाशों के खिलाफ भादवि की धारा 147, 186, 294, 354 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
