कोरोना संक्रमण की रफ्तार दूसरे प्रदेशों की अपेक्षा ज्यादा दिख रही है। जुलाई महीने के शुरुआती एक सप्ताह में ही संक्रमण के कई रंग देखने को मिल गए। इसी सप्ताह एक दिन प्रदेश में केवल 229 नए मरीज मिले थे। वहीं बुधवार को आए आंकड़ों में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 330 पहुंच गई है। इसके साथ सक्रिय मरीजों की संख्या में भी इजाफा दर्ज किया गया है। इस बीच टीकों की नई खेप भी छत्तीसगढ़ पहुंच गई है। कहा गया है, आज से सभी केंद्रों पर कोरोना का टीका लगेगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से देर रात जारी आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को कोरोना के 33 हजार 789 नमूनों की जांच हुई। इस बीच 330 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सबसे अधिक 38 नए मरीज सुकमा जिले में मिले हैं। जांजगीर-चांपा में 35 मरीज, बीजापुर जिले में 34 लोग पॉजिटिव आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 5017 हो गई है। एक दिन तक पहले प्रदेश में मरीजों की संख्या घट रही थी। मंगलवार को यहां केवल 5004 मरीज रह गए थे। मंगलवार को प्रदेश भर में 37 हजार से अधिक नमूनों की जांच के बाद 322 नए मरीज मिले थे। जुलाई के पहले सप्ताह के आंकड़े देखें तो एक जुलाई को सर्वाधिक 410 नए मरीज मिले थे। 2 जुलाई को संख्या घटकर 305 हुई, तो 3 जुलाई को यह संख्या 294 मरीजों तक पहुंच गई। 4 जुलाई को सबसे कम 229 नए मरीज मिले। इसके बाद यह गिरावट कायम नहीं रह पाई। 5 जुलाई को 319 मरीज सामने आए और 6 जुलाई को यह संख्या 322 हो गई। कोरोना का इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि अगर संक्रमण कम नहीं हुआ तो वायरस के म्यूटेट होने का खतरा बढ़ जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो यह खतरनाक हो सकता है।
सप्ताह भर में 19 मरीजों की मौत
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार रात से बुधवार रात तक दो मरीजों की मौत हुई है। कोरोना का इलाज करा रहे ये मरीज दुर्ग और धमतरी जिलों के हैं। मंगलवार को प्रदेश के पांच मरीजों की मौत हुई थी। जुलाई के पहले सप्ताह की बात करें तो इन सात दिनों में कोरोना से संक्रमित 19 मरीजों की मौत हो चुकी है। बुधवार को हुई मौतों को मिलाकर प्रदेश में अब तक 13 हजार 464 लोगों की जान कोरोना महामारी की वजह से जा चुकी है।
केवल एक जिले में शून्य संक्रमण दर
बुधवार के आंकडों के मुताबिक 28 जिलों वाले प्रदेश के केवल एक जिले गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में संक्रमण दर शून्य है। वहां कोई संक्रमित नहीं मिला। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या केवल 84 है। प्रदेश में सबसे कम 58 संक्रमित राजनांदगांव जिले में हैं। वहां बुधवार को 3 नए मरीज मिले। कबीरधाम जिले में 2 लोगों में संक्रमण पाया गया। वहां सक्रिय मरीजों की संख्या अभी 72 है।

रायपुर में आज 218 केंद्रों पर लगेगा टीका
रायपुर जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक आज जिले के 218 टीकाकरण केंद्रों पर कोविशील्ड टीका लगाया जाएगा। इसमें से 94 केंद्र रायपुर शहर में ही बनाए गए हैं। बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में 6 केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। वहीं आरंग ब्लॉक में 40, तिल्दा में 32 और धरसीवां में 15 केंद्रों पर टीकाकरण की तैयारी है। प्रशासन ने आज 39 हजार 240 डोज लगाने का लक्ष्य तय किया है। केंद्र सरकार ने बुधवार को 2 लाख 49 हजार डोज वैक्सीन की खेप भेजी थी। उसमें से 79 हजार 130 डोज रायपुर जिले को आवंटित हुई।
