पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में ट्रेनिंग के लिए पहुंचे सुकमा और कबीरधाम जिले के 129 जवानों की शुक्रवार सुबह कोरोना जांच हुई है। एंटीजन सैंपल लेने में इनमें से 5 जवानों के संक्रमित पाए जाने से हड़कंप मच गया। संक्रमित पाए गए जवानों को तत्काल एकलव्य कोविड सेंटर रेफर किया गया।
पीटीएस एसपी ने एक दिन पहले ही सीएमएचओ को खबर दी थी कि सुकमा और कबीरधाम जिले के जवान ट्रेनिंग के लिए आने वाले हैं। दूसरे राज्यों में कोरोना का डेल्टा प्लस वैरियंट के दस्तक देने की वजह से बाहर से आने वाले हर व्यक्ति का सैंपल लिया जा रहा है। इसलिए मेडिकल टीम भेजकर सुबह एक-एक जवानों की सैंपलिंग की गई। एंटीजन सैंपल में सुकमा से आए 5 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमएचओ डॉ मिथलेश चौधरी ने बताया कि जवानों में गंभीर लक्षण तो नहीं हैं पर रिपोर्ट पॉजिटिव है।
इसलिए कोविड सेंटर में भर्ती किया गया है। मेडिकल टीम की ओर से अन्य जवानों को प्रोटोकाॅल का पालन करने की समझाइश भी दी गई। इधर स्वास्थ्य विभाग की ओर से बागनदी बॉर्डर में भी सैंपलिंग बढ़ा दी गई है। महाराष्ट्र की ओर से आने वाले मुसाफिरों की सैंपलिंग हो रही है।
