CG : बीजेपी नेता के बेटे की शादी में चोरी, कैश और जेवरात पार …
राजिम। फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम सेंदर में आयोजित एक आशीर्वाद समारोह के दौरान अज्ञात चोरों ने मंच से नगदी और सोने-चांदी के जेवरों से भरा थैला पार कर दिया।
घटना रविवार देर रात 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोरी की इस वारदात से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक ग्राम सेंदर निवासी पूर्व सरपंच व भाजपा नेता रामाधार साहू के पुत्र नोसराम साहू के विवाह के उपलक्ष्य में 28 मार्च की रात हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम रात 8 बजे शुरू होकर तड़के 3 से 3:30 बजे तक चला, जिसमें करीब 4 से 5 हजार लोग शामिल हुए।
मेहमान मंच पर पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने के साथ उपहार व नगद राशि से भरे लिफाफे दे रहे थे। इन उपहारों को दो थैलों में रखा गया था। करीब 1:30 बजे वर-वधु फोटो सेशन के लिए मंच से लगभग 100 मीटर दूर बनाए गए सेल्फी जोन में गए। इसी बीच अज्ञात व्यक्ति मंच पर रखे एक थैले को पार कर ले गए, जबकि दूसरा आधा भरा थैला वहीं पड़ा रहा।
फोटो सेशन के बाद जब परिजनों की नजर थैलों पर पड़ी तो एक थैला गायब मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और मेहमानों में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी थैले का कोई पता नहीं चल सका। मंच के पीछे बर्तन धोने वाले स्थान के पास खड़े ट्रैक्टर के पीछे कुछ लिफाफे फटे हुए और खुले पड़े मिले, जिससे अंदेशा है कि चोरों ने वहीं पर लिफाफों को खंगाला है। घटना की सूचना सुबह पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
