जिले में 15 दिन से वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ गई थी पर अब वैक्सीन का टोटा होते ही संख्या फिर से कम होने लगी है। कोविशील्ड वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया है। गुरुवार को ब्लॉक स्तर पर ही कोविशील्ड वैक्सीन था पर पूरे जिले में स्टॉक खत्म होते ही दूसरा डोज लगाने वालों का सेंटर से मायूस लौटना पड़ रहा है। कोवैक्सीन का स्टॉक भी शुक्रवार तक के लिए है।
इसके बाद इसका भी संकट शुरू हो जाएगा। शहरी क्षेत्र के लिए कोविशील्ड वैक्सीन नहीं था। लोग सेंटर तक पहुंचे पर बिना टीका लगाए लौटना पड़ गया। वैक्सीन की कमी के चलते एक बार फिर अभियान की रफ्तार धीमी हो गई है। सीएमएचओ डॉ मिथलेश चौधरी ने बताया कि शासन स्तर पर ही वैक्सीन की कमी है। राज्य शासन ने केन्द्र सरकार से पर्याप्त वैक्सीन की डिमांड की है। उम्मीद है कि जल्द वैक्सीन की डोज पहंुचेगी। इसके बाद अभियान में फिर से तेजी आएगी।
