CG : कुएं में बुजुर्ग की लाश मिली, लापता था एक हफ्ते से…
बलरामपुर। शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम दोहना में उस समय सनसनी फैल गई, जब कुएं में एक वृद्ध का शव मिला। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले छह दिनों से लापता था और परिजन सहित गांव के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार ग्राम दाहना निवासी वृद्ध सुंदरा लकड़ा छह दिन पूर्व घर से निकला था जिसके बाद वापस घर नहीं लौटा।
वृद्ध के घर वापस नहीं आने पर परिजन सहित गांव के लोग लगातार वृद्ध की तलाश कर रहे थे लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी वृद्ध का कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार की शाम लगभग 4 बजे कुछ लोग जब कुआं के पास गए तो पानी में शव नजर आया। इधर कुएं में शव होने की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए साथ ही तत्काल घटना की सूचना शंकरगढ़ पुलिस को दी। गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच ग्रामीणों की मदद से शव का बाहर निकाल शिनाख्त कराया तो शव पिछले छह दिनों से लापता सुंदरा के रूप में की गई।
